Monsoon 2026: केरल से आगे बढ़ा मॉनसून, जानिए दिल्ली, यूपी और बिहार में कब देगा दस्तक

मॉनसून केरल के साथ कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। यूपी, बिहार, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों के लिए IMD ने संभावित टाइमलाइन जारी की है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने आखिरकार भारत में दस्तक दे दी है। तीन दिन की देरी के बाद गुरुवार को मॉनसून केरल पहुंच गया और इसके साथ ही कर्नाटक व तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी इसकी प्रगति दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मॉनसून तेजी से आगे बढ़ेगा और देश के अन्य राज्यों तक पहुंचेगा। इस बीच दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है।

केरल से आगे बढ़ रहा मॉनसून, कई क्षेत्रों को किया कवर

भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 4 जून को मॉनसून ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ क्षेत्रों, पूरे लक्षद्वीप, केरल और माहे, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र तथा बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों में आगे बढ़त दर्ज की है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि मॉनसून अब पूरे केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और दक्षिणी कर्नाटक के कई जिलों को कवर कर चुका है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान मॉनसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु के शेष हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।


आपके राज्य में कब पहुंचेगा मॉनसून?

आईएमडी के अनुमान के मुताबिक गोवा और तेलंगाना में मॉनसून 7 से 8 जून तक पहुंच सकता है। महाराष्ट्र में 5 से 10 जून, मध्य प्रदेश में 15 से 20 जून, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में 15 से 20 जून तथा मध्य उत्तर प्रदेश में 20 से 25 जून के बीच मॉनसून के पहुंचने की संभावना है। राजस्थान में 25 से 30 जून के बीच बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून के 30 जून के आसपास पहुंचने का अनुमान है। गुजरात में भी 20 जून तक मॉनसून की दस्तक की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने केरल और कर्नाटक में अगले सात दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर-पूर्व भारत में अगले 5 से 6 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

इसके अलावा अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों तथा दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से गंभीर स्तर के तूफान की भी आशंका जताई गई है।


दिल्ली-एनसीआर में बारिश का येलो अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने एक बार फिर येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को दिनभर गरज-चमक के साथ आंधी, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 6 जून को भी बारिश के आसार बने हुए हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हालांकि 7 जून से मौसम में सुधार के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार उस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia