तीन महीने बाद मक्का की मस्जिदें कल से फिर से खुलेंगी, सख्ती से होगा नियमों का पालन

पिछले महीने के अंत में पूरे सऊदी अरब में मस्जिदें धीरे-धीरे फिर से खुल गई थीं, लेकिन मक्का की मस्जिदें नहीं खुली थीं। अब रविवार को फजर की नमाज के साथ मक्का में करीब 1,560 मस्जिद फिर से खुल जाएंगी। सरकार ने मस्जिदों को सख्ती से सावधानी बरतने के लिए कहा है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

सऊदी अरब में कोविड-19 महामारी के कारण तीन महीने से बंद पवित्र शहर मक्का की मस्जिदें रविवार से फिर से खुलेंगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान यहां स्वास्थ्य संबंधी सख्त सावधानियों का पालन करना होगा। गल्फ न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले महीने के अंत में पूरे सऊदी अरब में मस्जिदें धीरे-धीरे फिर से खुल गई थीं, लेकिन मक्का शहर की मस्जिदें नहीं खुली थीं।

रविवार को फजर की नमाज के समय से मक्का में करीब 1,560 मस्जिद फिर से खुल जाएंगी।मक्का में इस्लामिक मामलों के मंत्रालय की शाखा ने शहर की मस्जिदों को सुनियोजित तरीके से सावधानी बरतने के लिए कहा है, जिसमें नमाज अदा करने के लिए अपनी चटाई लाने और नमाज के दौरान शारीरिक दूरियां रखना शामिल है।

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि मंत्रालय ने शटडाउन के दौरान सभी मस्जिदों को साफ-सफाई और सैनेटाइज करने की जिम्मेदारी एजेंसियों को सौंप दी थी। स्वयंसेवियों ने भी मक्का की मस्जिदों के अंदर एहतियाती कदमों को लागू करने में बीते दिनों में काफी काम किया है, जिसमें नमाज अदा करते समय सोशल डिस्टेंसिंग रखने के संकेत चिपकाना आदि शामिल है।

सऊदी अरब में शनिवार तक कोविड-19 से 1,184 मौतें हो चुकी हैं और संक्रमित लोगों की संख्या 1,50,292 हो गई है। कोरोना महामारी के चलते सऊदी अरब में होने वाले हज पर भी इस साल संशय कायम है। हालांकि भारत की हज कमेटी ने पहले ही इस साल की हज यात्रा रद्द कर दी है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia