जनता पर महंगाई की एक और मार, दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी के दूध के दाम बढ़े, जानें कीमत

मदर डेयरी ने शुक्रवार से दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गाय के दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। अब गाय का दूध 44 रुपये प्रति लीटर के मूल्य पर उपलब्ध होगा। इससे पहले गाय के दूध का मूल्य 42 रुपये प्रति लीटर था।

फोटो: सोशल मीडिया
i

आम आदमी पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। सब्जियों के बढ़े हुए दाम झेल रहे आम आदमी पर मदर डेयरी ने भी बोझ बढ़ा दिया है। मदर डेयरी ने शुक्रवार से दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गाय के दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। अब गाय का दूध 44 रुपये प्रति लीटर के मूल्य पर उपलब्ध होगा। इससे पहले गाय के दूध का मूल्य 42 रुपये प्रति लीटर था। एक अधिकारी के अनुसार, गाय के दूध के प्रकारों पर मूल्य 6 सितंबर से प्रभावी होंगे। इसमें 500 मिलीलीटर का पैक 23 रुपये में और एक लीटर पैक का मूल्य 44 रुपये होगा।

कंपनी ने अन्य किसी दूध के दामों में वृद्धि नहीं की है। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने कहा कि पिछले दो तीन महीने में गाय के कच्चे दूध की खरीद पर उसे ढाई से तीन रुपए प्रति लीटर का अधिक भुगतान करना पड़ रहा है। कंपनी ने कहा है कि वह किसानों से कच्चा दूध खरीदने के लिए अधिक भुगतान कर रही है। इस वजह से उसे गाय दूध के दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं।


मदर डेयरी के कीमतों में बढ़ोतरी करने के साथ यह संभावना है कि दूसरे दूध आपूर्तिकर्ता जैसे अमूल और पराग भी इसकी देखादेखी दूधों के दामों में बढ़ोतरी कर सकते हैं। मदर डेयरी, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में करीब 30 लाख टन दूध की आपूर्ति करती है, जिसमें से 8 लाख टन गाय का दूध होता है।

इससे पहले मई में मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में अपने पॉली पैक दूध के प्रकार के उपभोक्ता मूल्यों में वृद्धि की थी। हालांकि, एक लीटर गाय के दूध के पैक की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन आधा लीटर के पैक की कीमत में एक रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 06 Sep 2019, 2:51 PM