महंगाई का एक और झटका! मदर डेयरी का दूध 4 रुपये तक महंगा, 12 नवंबर से लागू होंगे नए रेट

मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है, जिससे दिल्ली-NCR में फुल क्रीम, टोन्ड और गाय के दूध समेत सभी प्रमुख वैरायटी महंगी हो गई हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • महंगाई के बीच मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी का फैसला किया है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी।

  • दिल्ली-NCR में फुल क्रीम दूध अब 76 रुपये और गाय का दूध 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

  • किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ने को कंपनी ने कीमतों में इजाफे की वजह बताया है।

  • अमूल ने भी हाल में घी और बटर के दाम बढ़ाए हैं। हालांकि, दूध की कीमतों में उसकी आखिरी बढ़ोतरी 14 मई 2026 को हुई थी।

महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों की जेब पर अब दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का बोझ भी पड़ने जा रहा है। मदर डेयरी ने 12 नवंबर से दूध के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाने का फैसला किया है। इसका सीधा असर दिल्ली-NCR के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। नई कीमतें लागू होने के बाद फुल क्रीम से लेकर टोन्ड और डबल टोन्ड दूध तक सभी प्रमुख वैरायटी पहले के मुकाबले महंगी मिलेंगी।

न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की लागत में इजाफा होने के कारण कंपनी को कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं। मदर डेयरी का कहना है कि दूध की बिक्री से होने वाली कुल आय का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे दूध उत्पादक किसानों को दिया जाता है। ऐसे में खरीद लागत बढ़ने का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है।

दिल्ली-NCR में अब कितने रुपये लीटर मिलेगा मदर डेयरी का दूध?

मदर डेयरी की नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली-NCR में अलग-अलग किस्म के दूध की कीमतें इस तरह होंगी:

  • टोन्ड दूध (खुला): इसकी कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

  • फुल क्रीम दूध: अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

  • टोन्ड दूध (पैकेट): इसकी कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।

  • डबल टोन्ड दूध: अब 54 रुपये के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

  • गाय का दूध: इसकी कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

इस बढ़ोतरी के बाद सबसे ज्यादा 4 रुपये प्रति लीटर का इजाफा फुल क्रीम दूध में हुआ है। वहीं, गाय के दूध की कीमत में 3 रुपये और बाकी बताई गई वैरायटी में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।


मई के बाद दूसरी बार बढ़े मदर डेयरी के दाम

मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दिल्ली-NCR में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अब करीब छह महीने बाद कंपनी ने एक बार फिर दाम बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी की ओर से बताई गई वजह किसानों से दूध खरीदने की बढ़ती लागत है। इसका असर अब सीधे उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर पड़ सकता है।

अमूल ने भी बढ़ाए घी और बटर के दाम

दूध और डेयरी उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अमूल के उत्पादों पर भी देखने को मिला है। अमूल ने आखिरी बार 14 मई 2026 को दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। वहीं, दिवाली से पहले कंपनी ने घी की कीमत में 40 से 50 रुपये प्रति लीटर और 500 ग्राम वाले टेबल बटर पैक के दाम में 15 रुपये की बढ़ोतरी की थी।

अमूल ने भी कीमतों में इस इजाफे के पीछे दूध उत्पादन की बढ़ती लागत और किसानों से दूध खरीदने की लागत में हुई बढ़ोतरी को वजह बताया था। ऐसे में मदर डेयरी के नए फैसले से साफ है कि दूध और डेयरी उत्पादों की बढ़ती कीमतों का असर आम उपभोक्ताओं के खर्च पर पड़ रहा है।