पंचतत्व में विलीन हुए मुलायम सिंह, अखिलेश ने दी मुखाग्नि, 'नेताजी अमर रहें' के नारों से गूंजा सैफई

सैफई में बारिश के बीच नेताजी के चाहने वालों के चेहरों पर उनके जाने का दुख साफ झलक रहा था। नेताजी के अंतिम दर्शन करने के लिए एक तरफ लाखों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा तो दूसरी तरफ देश भर से कई वीआईपी भी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सैफई पहुंचे थे।

फोटोः @samajwadiparty
फोटोः @samajwadiparty
user

नवजीवन डेस्क

समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का आज अपने पैतृक निवास स्थान सैफई में पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस मौके पर पूरा सैफई नेताजी अमर रहें के नारों से गूंज उठा।

अंतिम संस्कार से पूर्व राष्ट्रीय सम्मान के साथ तिरंगे में लाए गए मुलायम सिंह के पार्थिव शरीर को मंत्रोच्चार के बीच वैदिक रीति से स्नान कराया गया। चंदन की चिता पर लेटे मुलायम के अंतिम दर्शन के लिए कई हजार लोग सैफई पहुंचे। उन्हें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री जितिन प्रसाद, असीम अरुण, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर राव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू आदि ने सैफई पहुंचकर अंतिम विदाई दी।

नेताजी के अंतिम दर्शन करने के लिए एक तरफ लाखों लोगों का हुजूम था तो दूसरी तरफ देशभर से वीआईपी भी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सैफई पहुंचे थे। ये सिलसिला सुबह से शुरू हुआ जो शाम तक चलता रहा। अंत्येष्टि से ठीक पहले अंतिम दर्शन के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार और अभिनेता अभिषेक बच्चन ने मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन किए।

सैफई में बारिश के बीच नेताजी के चाहने वालों के चेहरों पर दुख साफ झलक रहा था। समाजवादी विचारधारा के पुरोधा को श्रद्धांजलि देने तेलंगाना के सीएम के. चंद्रशेखर राव, राजस्थान के सीएम अशोक गहलौत और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी, मल्लिकार्जुन खड़गे सीधे अंत्येष्टि स्थल पहुंचे और नमन करने के बाद पुत्र अखिलेश यादव को ढांढस बंधाया।


यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ ही कैबिनेट मंत्री डा. संजय निषाद ने सैफई मेला मैदान में बने अंत्येष्टि स्थल पर मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह भी उनके साथ थे। नेताजी का अंतिम दर्शन करने के बाद केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी भेंट किया। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव को ढांढस भी बंधाया।

यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, सांसद रीता बहुगुणा, सांसद देवेंद्र सिंह भोले भी सैफई मेला ग्राउंड पहुंचे और नेताजी के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी अंतिम दर्शन किए। मेनका गांधी और उनके पुत्र वरुण गांधी ने भी सैफई पहुंचकर नेताजी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। योग गुरु बाबा रामदेव, अभिषेक बच्चन, जया बच्चन और बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने भी श्रद्धांजलि दी।

मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इस दौरान कहा कि मुलायम सिंह ने समाज में एक लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक जीवन में जनता का विश्वास और भरोसा जीता है। उनके जाने से सभी देशवासी दुखी हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उनके मुलायम सिंह यादव से बहुत अच्छे रिश्ते थे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह को धरती से जुड़ा हुआ नेता माना जाता था। उनके निधन से भारत की राजनीति को बहुत बड़ी क्षति पहुंची है।


गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सैफई जाकर समाजवादी पार्टी के संरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुलायम सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia