कोरोना के कहर का असर, मुंबई एयरपोर्ट बंद करेगा टर्मिनल-1, 21 अप्रैल से सभी उड़ानें टर्मिनल-2 से होंगी संचालित

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि वह कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र और महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी सभी कोविड-19 प्रोटोकॉल और अन्य दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन कर रहा है।

फोटोः मिंट से साभार
i

महाराष्ट्र में कोरोना के विकराल रूप को देखते हुए मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (सीएसएमआईए) ने टर्मिनल 1 से संचालित होने वाली सभी घरेलू यात्री उड़ानों को फिर से बंद करने पर मजबूर कर दिया है। सीएसएमआईए ने 21 अप्रैल से सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं का टर्मिनल 2 से संचालन करने का फैसला किया है।

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के अधिकारी ने गो एयर, स्टार एयर, एयर एशिया, ट्रूजेट और इंडिगो एयरलाइंस में बुकिंग करने वाले सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे आगे की जानकारी के लिए अपने संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें।


सीएसएमआईए ने आश्वासन दिया है कि वह कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र और महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी सभी कोविड-19 प्रोटोकॉल और अन्य दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन कर रहा है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोरोना महामारी की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। बीते 24 घंटे में राज्य में 58,952 नए मामले सामने आए हैं। जिसमें अकेले मुंबई में 9 हजार संक्रमित मरीजों की संख्या भी शामिल है। महाराष्ट्र देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले राज्यों में शामिल है। मुंबई शहर में भी कोरोना मरीजों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 15 Apr 2021, 4:01 PM