मुंबई: गैंगस्टरों की धमकियों से डरा बॉलीवुड, 'एक बार फिर 1990 के दशक जैसा डर का माहौल'
पत्र में ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने मुंबई के हालात पर चिंता जताई है। साथ ही कहा है कि बॉलीवुड में एक बार फिर 1990 के दशक जैसा डर का माहौल बनता जा रहा है।

बॉलीवुड पर फिर मंडराया गैंगस्टरों का साया, सितारों को मिल रही धमकियों से दहशत
AICWA ने सीएम और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखा पत्र, 90 के दशक जैसे डर का जताया अंदेशा
अमिताभ बच्चन, अभिषेक और सैफ अली खान को मिली धमकी, 'बुलेटप्रूफ कांच भी नहीं बचा पाएगा' की चेतावनी
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग से सहमी फिल्म इंडस्ट्री, घर से बाहर निकलने में सावधानी बरत रहे सितारे
मुंबई में एक बार फिर गैंगस्टरों का डर फिल्म इंडस्ट्री में देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ समय से बॉलीवुड के कई बड़े सितारों को धमकियां मिल रही हैं। कुछ कलाकारों पर हमले की घटनाएं भी सामने आई हैं। इन घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी है। अब ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर फिल्मी सितारों और शूटिंग की जगहों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पत्र में संगठन ने मुंबई के हालात पर चिंता जताई है। साथ ही कहा है कि बॉलीवुड में एक बार फिर 1990 के दशक जैसा डर का माहौल बनता जा रहा है।
एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने पत्र में कहा, ''गैंगस्टर खुलेआम बड़े फिल्मी सितारों को धमकियां दे रहे हैं। अभिनेता सैफ अली खान के अलावा अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को भी धमकी दी गई। धमकी देने वालों ने यहां तक कहा कि बुलेटप्रूफ कांच भी सितारों की सुरक्षा नहीं कर पाएगा। दिल्ली पुलिस ने मुंबई से दो शूटरों को गिरफ्तार किया। गैंगस्टर्स का दावा है कि उनके पास 200 शूटर मौजूद हैं। इन धमकियों के चलते फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में डर बढ़ गया है।''
पत्र में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना का भी जिक्र किया गया है। संगठन ने इसे फिल्म इंडस्ट्री के लिए बेहद डराने वाली घटना बताया है। पत्र में कहा गया, ''भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस फायरिंग के बाद से कई कलाकार अपनी सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। कुछ सितारे बुलेटप्रूफ कांच के पीछे रहने को मजबूर हैं, तो कई घर से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं। ऐसे में खबरें हैं कि गैंगस्टर फिल्मी सितारों के घरों और उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। किसी को यह पता नहीं है कि अगला निशाना कौन होगा। इस डर का असर फिल्मों की शूटिंग पर भी पड़ रहा है। कई कलाकार और निर्माता शूटिंग के लिए बाहर जाने से बच रहे हैं। इसके चलते कुछ फिल्मों की शूटिंग धीमी हो गई है, जबकि कुछ प्रोजेक्ट्स का काम रुकने की आशंका है।''
एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष ने पत्र में कहा, ''शूटिंग रुकने से सिर्फ बड़े सितारों या निर्माताओं को ही परेशानी नहीं होगी, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लाखों लोगों की कमाई पर भी असर पड़ेगा। इनमें सेट पर काम करने वाले मजदूर, लाइटमैन, तकनीशियन और छोटे कलाकार शामिल हैं। अगर हालात जल्द नहीं सुधरे तो इन लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। फिल्म निर्माताओं को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।''
पत्र में कहा गया कि बॉलीवुड देश की अर्थव्यवस्था में योगदान देने के साथ दुनियाभर में भारत की पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में फिल्मी सितारों को मिल रही धमकियां और उन पर हो रहे हमले देश की छवि को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। गैंगस्टर फिल्मी सितारों को इसलिए निशाना बना रहे हैं, क्योंकि वे आसानी से लोगों की नजर में आ जाते हैं। इसके जरिए अपराधी चर्चा में आना और उनसे पैसे वसूलना चाहते हैं।
एआईसीडब्ल्यूए ने गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से पांच प्रमुख मांगें की हैं। संगठन ने सबसे पहले सैफ अली खान, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और उनके परिवारों की सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है। इसके साथ ही मुंबई में रहने वाले सभी फिल्मी सितारों और निर्माताओं की सुरक्षा पक्की करने की मांग की गई है। संगठन ने यह भी मांग की है कि जिन जगहों पर फिल्मों की शूटिंग होती है और जहां बड़ी संख्या में लोग जमा होते हैं, वहां पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। इसके अलावा गैंगस्टरों और उनके साथ जुड़े लोगों के खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मुंबई में इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर रोक लग सके।
पांचवीं मांग में मुंबई पुलिस से फिल्मी सितारों से जुड़े प्रेस कॉन्फ्रेंस और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर खास नजर रखने की अपील की गई है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को समय रहते रोका जा सके।
पत्र के आखिर में सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने गृह मंत्री से जल्द कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि बॉलीवुड के लोग तभी बिना डर के काम कर पाएंगे, जब उन्हें और उनके परिवारों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।
