मुंबई: अमिताभ बच्चन के बंगले और मेट्रो स्टेशन पर बम का दावा, BMC दफ्तर-पुणे कोर्ट भी निशाने पर! धमकी भरे ईमेल से मचा हड़कंप
मुंबई में मेयर रितु तावड़े और BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े को धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें मेयर के कार्यालय समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।

महाराष्ट्र में बम धमकियों के लगातार सामने आ रहे मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। मुंबई में मेयर रितु तावड़े और BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े को धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें मेयर के कार्यालय समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। वहीं, पुणे के शिवाजीनगर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
मुंबई में मेयर और BMC कमिश्नर को मिला धमकी भरा ईमेल
मुंबई में गुरुवार को मिले धमकी भरे ईमेल में मेयर रितु तावड़े के कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में शहर के कई सार्वजनिक स्थानों पर विस्फोटक लगाए जाने का दावा भी किया गया है। इनमें महालक्ष्मी, साइंस और आचार्य मेट्रो स्टेशन के अलावा जुहू स्थित अभिनेता अमिताभ बच्चन का बंगला 'जलसा' भी शामिल है।
धमकी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित स्थानों पर जांच शुरू कर दी है। BMC कार्यालयों और मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इस साल मुंबई की मेयर के कार्यालय को पांचवीं बार इस तरह की धमकी मिली है।
पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट को भी मिली बम की धमकी
उधर, पुणे में भी बम धमकी का मामला सामने आया है। शिवाजीनगर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की तलाशी शुरू की। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को खाली कराने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की कार्रवाई की गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिवाजीनगर कोर्ट को नवंबर में इससे पहले भी बम धमकी मिल चुकी है। 2 नवंबर को मिली पिछली धमकी जांच के बाद फर्जी निकली थी। वहीं, 23 नवंबर को एक बार फिर इसी कोर्ट को धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद परिसर की तलाशी ली गई।
खालिस्तानी संगठनों के नाम से भेजा गया मेल
पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ईमेल हन्ना मायर के नाम से बनाई गई Gmail ID से भेजा गया है। इसमें कथित तौर पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' और 'बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)' जैसे संगठनों के नाम का जिक्र किया गया है। ईमेल में कुछ लोगों के नाम और पते भी लिखे गए हैं। इसके अलावा कथित खालिस्तानी नारे और मुंबई में ग्रेनेड हमले करने की चेतावनी दी गई है। मेल में बीएमसी कार्यालयों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की बात भी कही गई है।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर भी धमकी
इस धमकी भरे ईमेल में पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया है। कथित तौर पर उनके मुंबई कॉन्सर्ट के दिन हमला करने की चेतावनी दी गई है। इससे आयोजन स्थल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस ईमेल की सत्यता, उसे भेजने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों की ओर से बताए गए सभी संवेदनशील स्थानों पर एहतियाती सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
