मुंबई: 'झंडे, बैनर से लेकर मेकअप तक...', Diljit Dosanjh के कॉन्सर्ट में इन चीजों पर पाबंदी, घर से निकलने से पहले देखें ये लिस्ट
Diljit Dosanjh के कॉन्सर्ट में प्रतिबंधित सामान की लंबी सूची के बीच दर्शकों के लिए कुछ राहत भी है। गाइडलाइंस के मुताबिक, कॉन्सर्ट में पावर बैंक ले जाने की अनुमति होगी।

आज मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट
इस कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शकों को कुछ जरूरी नियमों का पालन करना होगा।
'झंडे, बैनर से लेकर मेकअप तक कई चीजों पर बैन
पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' को लेकर सुर्खियों में हैं। देश के अलग-अलग शहरों में उनके लाइव कॉन्सर्ट को लेकर फैंस में काफी उत्साह है। इसी कड़ी में दिलजीत 27 नवंबर यानी आज ही मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में परफॉर्म करने जा रहे हैं। हालांकि, इस कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शकों को कुछ जरूरी नियमों का पालन करना होगा।
कॉन्सर्ट के आयोजन से जुड़ी टिकटिंग कंपनी बुकमायशो ने दर्शकों के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके तहत कई ऐसी चीजों को वेन्यू के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिन्हें लोग आमतौर पर अपने साथ रखते हैं। इनमें झंडे, बैनर, पोस्टर, पेन, मार्कर, डियोड्रेंट और मेकअप का सामान भी शामिल है। ऐसे में कॉन्सर्ट में जाने वाले लोगों के लिए जरूरी है कि वे घर से निकलने से पहले प्रतिबंधित सामान की पूरी सूची देख लें।
झंडे, पोस्टर और बैनर भी नहीं ले जा सकेंगे दर्शक
बुकमायशो की गाइडलाइंस के मुताबिक, कॉन्सर्ट में किसी भी तरह के झंडे, बैनर, साइन और पोस्टर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। खास बात यह है कि हाथ से तैयार किए गए पोस्टर और बैनर भी प्रतिबंधित रहेंगे।
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कुछ महीने पहले कनाडा के कैलगरी में दिलजीत के एक कॉन्सर्ट के दौरान खालिस्तान समर्थक झंडे दिखाई देने के बाद विवाद हुआ था। मई में आयोजित इस कार्यक्रम में दिलजीत ने कथित तौर पर अपनी सिक्योरिटी टीम को झंडे लेकर आए लोगों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पंजाबी समुदाय के कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की थी।
मुंबई कॉन्सर्ट में इन चीजों को ले जाने पर प्रतिबंध
आयोजकों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, कॉन्सर्ट में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई तरह की वस्तुओं पर रोक लगाई गई है।
झंडे और पोस्टर: किसी भी तरह के झंडे, बैनर, साइन और हाथ से बनाए गए पोस्टर प्रतिबंधित हैं।
नुकीली वस्तुएं: चाकू, ब्लेड, नुकीली ज्वेलरी और अन्य खतरनाक सामान अंदर नहीं ले जा सकेंगे।
लिखने और आग जलाने का सामान: पेन, मार्कर, लाइटर और लेजर पॉइंटर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
फेंकने वाली चीजें: पानी से भरे गुब्बारे, अंडे और ऐसी अन्य वस्तुएं प्रतिबंधित रहेंगी।
मेकअप और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स: एयरोसोल, स्प्रे सनस्क्रीन, डियोड्रेंट, क्रीम और मेकअप का सामान नहीं ले जा सकेंगे।
बोतलें और छाते: कांच, धातु और प्लास्टिक की खाली बोतलों के साथ छाते ले जाने पर भी रोक है।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: प्रोफेशनल कैमरे, ट्राइपॉड, सेल्फी स्टिक, गोप्रो, ड्रोन और अन्य रिकॉर्डिंग डिवाइस प्रतिबंधित हैं।
बैग और गैजेट्स: बड़े बैग, बैकपैक, लैपटॉप और टैबलेट को वेन्यू के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रतिबंधित सामान की लंबी सूची के बीच दर्शकों के लिए कुछ राहत भी है। गाइडलाइंस के मुताबिक, कॉन्सर्ट में पावर बैंक ले जाने की अनुमति होगी। वहीं, जिन लोगों को नियमित रूप से दवाइयों की जरूरत पड़ती है, उन्हें वैध मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन साथ रखना होगा।
इसके अलावा दर्शकों को पहचान के लिए सरकार की ओर से जारी वैध फोटो आईडी साथ रखने की सलाह दी गई है। आयोजकों ने सभी लोगों से अपील की है कि वे समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें और एंट्री के दौरान वहां मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
बता दें कि मुंबई में परफॉर्म करने के बाद दिलजीत दोसांझ 29 नवंबर को बेंगलुरु में अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के तहत अगला कॉन्सर्ट करेंगे।
