बीजेपी विधायक पर केस करने वाली मुंबई मेयर को मिली जान मारने की धमकी, पत्र मिलने के बाद सुरक्षा कड़ी की गई

पत्र मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने पेडनेकर के दक्षिण मुंबई आवास की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। उन्हें पिछले वर्ष दिसंबर में भी टेलीफोन पर जान मारने की धमकियां मिली थीं। फोन उनकी सहयोगी ने उठाया था जिसमें उनके लिए गालियां देते हुए जान मारने की धमकी दी गई।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर को शुक्रवार को एक गुमनाम पत्र मिला, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है और उसमें अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कुछ ही दिन पहले भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री आशीष शेल्कर के खिलाफ मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई थी। आशीष ने उनके लिए काफी आपत्तिजनक शब्द कहे थे।

मेयर किशोरी पेडनेकर ने मीडिया को बताया कि यह पत्र मराठी भाषा में है और इसमें उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। यह पत्र उनके मेलबॉक्स में डाला गया था और इसमें कोई सील भी नहीं है। इसे भेजने वाले ने इसमें काफी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है और यह कहा है कि अगर वह 'दादा' के साथ उलझी तो इसके गंभीर नतीजे होंगे।

इस पत्र के बाद मुंबई पुलिस ने उनके दक्षिण मुंबई आवास की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और शिव सेना की कई महिला सैनिकों ने इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस पत्र को पनवेल, रायगढ़ जिले से पोस्ट किया गया है और वह इस तरह की धमकियों से कतई नहीं डरने वाली हैं।


किशोरी पेडनेकर को पिछले वर्ष दिसंबर में भी टेलीफोन पर जान से मारने की धमकियां दी गई थीं और यह फोन उनकी सहयोगी ने उठाया था जिसमें उनके लिए गालियों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस में की थी जिसके बाद आरोपी को इस वर्ष जनवरी में गुजरात से दबोचा गया था।

इस सप्ताह उन्होंने बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री आशीष शेल्कर के खिलाफ गृह मंत्री दिलीप वल्से पाटिल और पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले को एक शिकायत अर्जी दी थी। इसके बाद शेल्कर ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया था और कहा था कि उनके बयानों को तोड़मरोड़ कर अलग संदर्भ में लिया गया। उन्हें बाद में विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */