मुंबई में मॉनसून की पहली बारिश बनी आफत, सड़कें-रेल ट्रैक डूबे, ट्रैफिक और लोकल सेवाएं प्रभावित

मुंबई में मॉनसून पहुंचने के बाद हुई तेज बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया है। जलभराव और ट्रैफिक की समस्या के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, जबकि मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की दस्तक के साथ ही शहर एक बार फिर जलभराव और ट्रैफिक संकट से जूझता नजर आ रहा है। लंबे इंतजार के बाद आई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन पहली ही तेज बरसात ने शहर की पुरानी समस्याओं को भी सामने ला दिया। कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गई हैं, अंडरपास बंद करने पड़े हैं और लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

अंडरपास बंद, सड़कों पर रेंगता ट्रैफिक

23 जून को मुंबई पहुंचा मॉनसून बीती रात से ही अपना असर दिखाने लगा। भारी बारिश के चलते अंधेरी सबवे समेत कई अंडरपास में पानी भर गया है। सुरक्षा को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने इन अंडरपास से वाहनों की आवाजाही रोक दी है। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि सायन के गांधी मार्केट समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया है।

सुबह दफ्तर और अन्य कामों के लिए घरों से निकले लोगों को ट्रैफिक जाम और जलभराव की दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ा। BMC की टीमें विभिन्न इलाकों से पानी निकालने के काम में जुटी हुई हैं ताकि हालात सामान्य किए जा सकें।


रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा असर

लगातार हो रही बारिश का असर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी दिखाई दिया। दादर स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पानी से भर गए, जिससे कई लोकल ट्रेनें देरी से चलीं और कुछ सेवाओं को रद्द भी करना पड़ा। मुंबई सेंट्रल और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) समेत कई अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी जलभराव की खबरें सामने आई हैं।

सोशल मीडिया पर भी मुंबई के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें सड़कें दरिया जैसी दिखाई दे रही हैं। हर साल मॉनसून की शुरुआत में सामने आने वाली जलभराव की समस्या इस बार भी चर्चा का विषय बन गई है।

IMD का अलर्ट, आज भी जारी रह सकती है बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में मध्यम से तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

24 जून को भी मुंबई में दिनभर घने बादल छाए रहने और मध्यम से भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इसके चलते जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी रह सकती है।


13 दिन देरी से मुंबई पहुंचा मॉनसून

बीएमसी के आंकड़ों के मुताबिक, बीती रात 5 से 6 घंटों के दौरान मुंबई के विभिन्न इलाकों में 71 से 99 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। वहीं, 23 जून को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे के बीच सबसे अधिक 78.96 मिलीमीटर बारिश सेंट्रल मुंबई स्थित नायर अस्पताल क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मंगलवार, 23 जून को मुंबई पहुंचा। यह अपनी सामान्य तारीख से 13 दिन देरी से आया है, क्योंकि मुंबई में मॉनसून के आगमन की सामान्य तारीख 10 जून मानी जाती है। IMD के अनुसार मॉनसून अब मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, महाराष्ट्र के कुछ और क्षेत्रों, मुंबई, तेलंगाना और ओडिशा के बचे हिस्सों के साथ-साथ छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों तक पहुंच चुका है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए