मुंबई में भारी बारिश से कई इलाको में जलजमाव, यातायात और लोकल प्रभावित, 48 घंटे का अलर्ट जारी
मुंबई के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। तेज बारिश होने की वजह से कई निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में और तेज बारिश होने की आशंका जतायी है।

मुंबई के लोगों को आखिकार गर्मी से राहत मिल गई है। मुंबई में आज जमकर बारिश हो रही है जिससे यहां का तापमान गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दूसरी ओर तेज बारिश की वजह से कई जगहों पर जाम की स्थिति भी हो गई। बारिश का सीधा असर ट्रैफिक पर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। वहीं लोग मुंबई के कई इलाकों में बारिश की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर #MumbaiRains पर शेयर कर रहे हैं।
वहीं सड़कों पर पानी भरने के कारण ऑफिस जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की वजह से लोकल पर भी असप पड़ा है। इतना ही नहीं मुंबई एयरपोर्ट के पास विजिबिलटी भी कम हो गई है। जिसकी वजह से उड़ान में दिक्कत आ सकती है। बताया जा रहा है कि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों जैसे अंधेरी, जोगेश्वरी, बोरिवली, दादर, घाटकोपर, मुलुंड, चर्चगेट में भारी बारिश हो रही है।
इससे पहले मौसम विभाग गुरुवार को कहा था कि मानसून मुंबई के साथ-साथ दक्षिण गुजरात के कोंकण के इलाके में पहुंच चुका है जिससे यहां अगले कुछ दिन तक जमकर बारिश हो सकती है। स्काईमेट ने मुंबई में भारी बारिश का अनुमान लगाते हुए कहा है कि अगले 48 घंटे में मुंबई में 100 एमएम तक बारिश हो सकती है।
दूसरी ओर मौसम विभाग ने भी अगले कुछ घंटों में महाराष्ट्र के कई इलाकों के साथ मेघालय और असम में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं जुलाई के पहले हफ्ते में इसके दिल्ली पहुंचने का अनुमान है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 28 Jun 2019, 10:57 AM
