यूपी के मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, पोल से टकराते ही कार में लगी आग, 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा हाईवे पर कार लाइट पोल से टकराने के बाद आग का गोला बन गई। हादसे में हरियाणा के जींद के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

फोटो: IANS
i
  • उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आज सुबह पानीपत-खटीमा हाईवे पर तेज रफ्तार कार लाइट पोल से टकरा गई।

  • टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई और उसमें सवार छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

  • मृतकों में 10 से 12 साल का एक बच्चा भी शामिल है। सभी हरियाणा के जींद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

  • पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जागाहेड़ी के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लाइट पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और सभी छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कार से सभी छह शवों को बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हरियाणा के जींद के रहने वाले बताए जा रहे सभी मृतक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के जींद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसकी उम्र करीब 10 से 12 साल बताई गई है। कार चालक की भी इस हादसे में मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए जरूरी जानकारियां जुटाई जा रही हैं और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया चल रही है।


हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चलते हुए कार अचानक अनियंत्रित कैसे हुई और वह हाईवे किनारे लगे लाइट पोल से किन परिस्थितियों में टकराई। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। एक ही कार में सवार छह लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए