UP: मुजफ्फरनगर में 12 अगस्त तक बंद रहेंगी मांस की दुकानें, कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्दों से ढकी गईं शराब की दुकानें

कांवड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर में 12 अगस्त तक मांस की दुकानें और मांसाहारी भोजनालय बंद रहेंगे। यात्रा मार्ग पर 113 शराब की दुकानों को पर्दों से ढक दिया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i

कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में प्रशासन ने सख्त व्यवस्था लागू की है। अधिकारियों के अनुसार, कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्थित सभी मांस की दुकानों और मांसाहारी भोजन परोसने वाले रेस्तरां, ढाबे व अन्य प्रतिष्ठानों को 12 अगस्त तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। वहीं, शराब की दुकानें खुली रहेंगी, लेकिन उन्हें पर्दों से ढककर संचालित किया जाएगा।

113 शराब की दुकानों को पर्दों से ढका गया

जिला आबकारी अधिकारी रवि शंकर ने बताया कि जिले में शराब की सभी दुकानें खुली हैं। हालांकि, कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित 113 शराब की दुकानों को पर्दों से ढक दिया गया है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखा जा सके।


मांसाहारी भोजन परोसने पर भी रोक

सहायक आयुक्त अर्चना धीरन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर स्थित मांसाहारी भोजन परोसने वाले सभी रेस्तरां, ढाबे और अन्य प्रतिष्ठानों को संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

30 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा

श्रावण मास की शुरुआत के साथ 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है और श्रद्धालु लगातार मुजफ्फरनगर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु शिव चौक स्थित शिव मंदिर की परिक्रमा भी कर रहे हैं। प्रशासन ने यात्रा के शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन के लिए पूरे मार्ग पर व्यापक इंतजाम किए हैं।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कांवड़ यात्रा को देखते हुए यात्रा मार्गों पर भारी पुलिस बल के साथ आतंकवाद रोधी दस्ता (ATS) भी तैनात किया गया है। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल अपने-अपने गृह नगर पहुंचेंगे और वहां स्थित शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। यह यात्रा 11 अगस्त को संपन्न होगी।