नगालैंड: SIR के बाद मसौदा मतदाता सूची में 11.99 लाख मतदाता बरकरार, 1.59 लाख नाम हटे
नगालैंड में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 नवंबर को किया जाएगा, जबकि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने तथा उनके निपटारे की प्रक्रिया 18 नवंबर तक जारी रहेगी।

नगालैंड में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद रविवार को जारी मसौदा सूची से करीब 1.59 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। राज्य में पहले की सूची में 13.57 लाख मतदाताओं के नाम शामिल थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने बताया कि मसौदा सूची में 11.99 लाख नाम शामिल हैं।
एसआईआर के दौरान 29,944 मतदाताओं की मृत्यु हो जाने, 1.23 लाख मतदाताओं के अनुपस्थित या स्थायी रूप से स्थानांतरित हो जाने और 5,059 मतदाताओं के एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत होने का पता चला। राज्य में मतदाता सूचियों के एसआईआर का गणना चरण 16 अगस्त से 14 सितंबर तक किया गया था।
सीईओ कार्यालय ने बताया कि अनुपस्थित/स्थानांतरित/अन्य श्रेणी में वे मतदाता शामिल हैं, जो दूसरे राज्यों या केंद्र-शासित प्रदेशों में मतदाता बन गए हैं, जिनका पता नहीं चल सका, जिन्होंने 14 सितंबर तक अपने प्रपत्र जमा नहीं किए या जो पंजीकरण कराने के इच्छुक नहीं थे।
कार्यालय के मुताबिक, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ दावे और आपत्तियां 20 अक्टूबर तक दर्ज कराई जा सकती हैं।
नगालैंड में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 नवंबर को किया जाएगा, जबकि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने तथा उनके निपटारे की प्रक्रिया 18 नवंबर तक जारी रहेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
