NALSAR छात्रों ने CJI सूर्यकांत को चीफ गेस्ट बनाने का किया विरोध, 'कॉकरोच' टिप्पणी का दिया हवाला

NALSAR यूनिवर्सिटी में CJI सूर्यकांत को कॉन्वोकेशन का चीफ गेस्ट बनाने पर छात्रों ने विरोध जताया है। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

हैदराबाद की नेशनल एकेडमी ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च (NALSAR) यूनिवर्सिटी में कॉन्वोकेशन सेरेमनी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विश्वविद्यालय ने देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को समारोह में चीफ गेस्ट के तौर पर आमंत्रित किया है। हालांकि, 2026 बैच के पास आउट होने जा रहे छात्रों के एक समूह ने इस फैसले पर आपत्ति जताई है और विश्वविद्यालय प्रशासन से निमंत्रण पर दोबारा विचार करने की मांग की है।

छात्रों ने VC और विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखा पत्र

2026 बैच के छात्रों के एक समूह ने इस संबंध में यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर, कुलसचिव, फैकल्टी और विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखा है। छात्रों ने हालिया मामलों का हवाला देते हुए कहा कि CJI को कॉन्वोकेशन में चीफ गेस्ट के तौर पर बुलाना संवैधानिक जवाबदेही और शैक्षणिक स्वतंत्रता के मूल्यों के अनुरूप नहीं है।

छात्रों ने अपने पत्र में CJI सूर्यकांत के कुछ कथित बयानों और हालिया घटनाओं का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि युवाओं को 'कॉकरोच' कहने से लेकर पुलिस बर्बरता के वीडियो देखने का समय न होने जैसे कथित असंवेदनशील बयानों तक, CJI ने छात्रों के प्रति उदासीनता दिखाई है।


'उनके हाथों से डिग्री लेना हमें सही नहीं लगता'

छात्रों ने अपने पत्र में कहा कि ऐसे में CJI को उनके कॉलेज में आमंत्रित करना और उनके हाथों से डिग्री हासिल करना उन्हें सही नहीं लगता। छात्रों के मुताबिक, ये डिग्रियां उनके लिए सिर्फ शैक्षणिक उपलब्धि नहीं हैं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुरोध किया कि CJI को निमंत्रण देने के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय इसे केवल एक बैच की मांग के तौर पर नहीं देखेगा, बल्कि सभी ग्रेजुएट हो रहे छात्रों की साझा चिंता के रूप में इस पर विचार करेगा।

कानूनी हलकों में चर्चा तेज, प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

छात्रों का यह पत्र सामने आने के बाद कानूनी हलकों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, NALSAR विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस विवाद पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फिलहाल विवाद का केंद्र यही है कि कॉन्वोकेशन समारोह में CJI सूर्यकांत को चीफ गेस्ट के तौर पर आमंत्रित करने के विश्वविद्यालय के फैसले पर छात्रों की आपत्ति को प्रशासन किस तरह देखता है और क्या वह अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए