नाना पाटेकर के आखिरी पलों में आखिर क्या हुआ? रात 2:30 बजे दोस्त को किया मैसेज, डॉक्टर ने बताई पूरी कहानी
नाना पाटेकर का निधन हो गया है। डॉक्टर शेखर सालकर ने बताया कि उन्होंने रात 2:30 बजे दोस्त को तबीयत खराब होने का मैसेज किया था।

अभिनेता नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में गोवा में निधन हो गया है।
रात 2:30 बजे उन्होंने दोस्त को तबीयत खराब होने का मैसेज किया था।
करीब 4 बजे दोस्त उनके घर पहुंचे, तब नाना की हालत बिगड़ रही थी।
अस्पताल में 45 मिनट से एक घंटे तक उन्हें बचाने की कोशिश की गई।
अभिनेता नाना पाटेकर का निधन हो गया है। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। गोवा के मणिपाल हॉस्पिटल के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शेखर सालकर ने बताया कि नाना को अस्पताल लाए जाने तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्हें सुबह करीब 5:30 बजे मृत घोषित किया गया। डॉक्टरों और इमरजेंसी टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
डॉ. शेखर सालकर के मुताबिक, नाना को करीब 45 मिनट से एक घंटे तक कार्डियक मसाज दी गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टर ने बताया कि नाना को जब अस्पताल लाया गया, तब वह किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे।
रात 2:30 बजे दोस्त को किया था मैसेज
डॉ. सालकर ने बताया कि जितना उन्हें याद है, नाना ने रात करीब 2:30 बजे अपने एक दोस्त को मैसेज कर कहा था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है। रात का समय होने की वजह से दोस्त ने उस समय मैसेज नहीं देखा। बाद में उन्होंने नाना को फोन किया और करीब 4 बजे उनके घर पहुंचे।
उस समय नाना को काफी पसीना आ रहा था। दोस्त ने उन्हें संभाला और प्राथमिक स्तर पर जरूरी चीजें कीं, लेकिन उनकी हालत धीरे-धीरे बिगड़ती गई और वह बेहोश होने लगे। इसके बाद उनके दोस्त ने नाना के केयरटेकर को अस्पताल भेजा।
इमरजेंसी टीम ने की बचाने की कोशिश
केयरटेकर अस्पताल की एंबुलेंस लेकर नाना के घर पहुंचा। डॉ. शेखर सालकर के मुताबिक, जब अस्पताल की इमरजेंसी टीम वहां पहुंची तो नाना बिल्कुल प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। टीम ने तुरंत कार्डियक मसाज शुरू कर दी और उन्हें करीब 4:20 या 4:30 बजे मणिपाल हॉस्पिटल लाया गया।
डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में भी उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन नाना को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। इसके बाद मामले को मेडिको-लीगल केस (MLC) के तौर पर दर्ज करना पड़ा।
पोस्टमार्टम के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज भेजा गया शव
डॉ. सालकर ने बताया कि नाना पाटेकर के शव को पोस्टमार्टम के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। जिस समय यह प्रक्रिया चल रही थी, उस समय उनका परिवार वहां मौजूद नहीं था। उनके दोस्त और एक केयरटेकर उनके साथ थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
