लखनऊ अग्निकांड पर देश स्तब्ध: 15 बच्चों की मौत पर राष्ट्रपति, खड़गे और राहुल गांधी समेत कई दिग्गजों ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को लखनऊ अग्निकांड पर दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी घटना पर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को भड़की आग में 15 लोगों की मौत हो गई, इनमें कई छात्र भी हैं। हादसा इतना भयावह था कि कई छात्रों ने जान बचाने के लिए कोचिंग सेंटर की छत से छलांग लगा दी। इस घटना से उन परिवारों में दहशत का माहौल है, जिनके बच्चे कोचिंग सेंटर में थे और घटना के बाद ढूंढने पर नहीं मिल रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को लखनऊ अग्निकांड पर दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी घटना पर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की वजह से कई छात्रों समेत बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। राज्य सरकार से आग्रह है कि घायलों के उपचार एवं पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की समुचित व्यवस्था की जाए। कांग्रेस के साथियों से अपील करती हूं कि पीड़ितों की यथासंभव मदद करें।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पोस्ट में लिखा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने की दुखद घटना में कई लोगों की जान चली गई है, जो बेहद पीड़ादायक व हृदयविदारक है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। कांग्रेस पार्टी सभी शोकसंतप्त परिवारों एवं घायलों के साथ है। मैं दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं। सरकार व प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ितों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा व राहत प्रदान की जाए।
बीएसपी मुखिया मायावती ने दुख जताते हुए 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि यूपी की राजधानी लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में दोपहर बाद हुई अग्निकांड में अनेक लोगों की मौत और भी कई लोगों के घायल हो जाने की घटना अति-दुखद। इस प्रकार की जानलेवा घटनाएं दिल को दहलाने वाली होती हैं तथा कितने ही परिवार की उम्मीदों को बिखेर देती हैं। ऐसी दुखद घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी को मिलकर सही से काम करने की जरूरत है। सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दुख जताते हुए 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
