NEET परीक्षा रद्द: राहुल बोले- लाखों छात्रों के सपनों को भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचला, PM का अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बना
राहुल गांधी ने कहा NEET 2026 की परीक्षा रद्द हो गयी। 22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया।

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 रद्द हो गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की है। पेपर लीक के आरोपों और विवाद के बाद यह कदम उठाया गया है। अब परीक्षा दोबारा कराई जाएगी, जिसकी नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी।
राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर इसे लेकर हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- NEET 2026 की परीक्षा रद्द हो गयी। 22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया। राहुल गांधी ने कहा किसी पिता ने कर्ज़ लिया, किसी माँ ने गहने बेचे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की, और बदले में मिला, पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार। यह सिर्फ़ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है।
प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे कहा कि हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सज़ा भुगतते हैं। अब लाखों छात्र फिर से वही मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता झेलेंगे। अगर अपनी तकदीर परिश्रम से नहीं, पैसे और पहुंच से तय होगा, तो फिर शिक्षा का मतलब क्या रह जाएगा? प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया है।
पेपर लीक विवाद के बाद बड़ा फैसला
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि यह निर्णय 10 मई 2026 की प्रेस रिलीज के क्रम में लिया गया है। एजेंसी के अनुसार, 8 मई को परीक्षा से जुड़े मामलों को स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया था। इसके बाद जांच एजेंसियों से मिले इनपुट और रिपोर्ट की समीक्षा के आधार पर यह निर्णय लिया गया।
एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था। साथ ही पेपर लीक मामले में CBI जांच के आदेश भी दिए गए हैं, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
दोबारा होगी NEET UG 2026 परीक्षा
NTA ने घोषणा की है कि NEET UG 2026 परीक्षा अब दोबारा आयोजित की जाएगी। हालांकि, नई परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। एजेंसी ने कहा है कि जल्द ही नई डेट, एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल और अन्य जरूरी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट और अन्य माध्यमों से साझा की जाएगी।
NTA ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। एजेंसी का कहना है कि सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाई जाएंगी ताकि परीक्षा की विश्वसनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
