नीट पेपर लीकः सीबीआई ने एक और आरोपी मनीषा को किया गिरफ्तार, अब तक 11 आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी
मनीषा हवलदार पुणे के सेठ हिरालाल सराफ प्रशाला में कार्यरत थी। वह एनटीए के विशेषज्ञ के रूप में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी हुई थी और उसकी फिजिक्स के पेपर तक पहुंच थी। मनीषा ने फिजिक्स के कुछ प्रश्न मनीषा मंडारे को दिए थे, जिसे भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

नीट-यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अन्य मुख्य आरोपी शिक्षक मनीषा संजय हवलदार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तार की गई आरोपी की पहचान मनीषा संजय हवलदार के रूप में हुई है, जो पुणे, महाराष्ट्र स्थित सेठ हिरालाल सराफ प्रशाला में कार्यरत थीं। वह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा नियुक्त विशेषज्ञ के रूप में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी हुई थीं और उसकी फिजिक्स प्रश्न पत्रों तक पहुंच थी। जांच एजेंसी का दावा है कि अप्रैल 2026 में मनीषा हवलदार ने फिजिक्स विषय के कुछ प्रश्न सह-आरोपी मनीषा मंडारे को साझा किए थे, जिसे पहले ही 16 मई को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई ने बताया कि साझा किए गए प्रश्न परीक्षा के वास्तविक प्रश्न पत्र से मेल खाते पाए गए हैं।
इस मामले में सीबीआई ने देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी की है, जिसमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की गई है। जब्त किए गए डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच जारी है। सीबीआई ने यह मामला 12 मई को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर दर्ज किया था। शिकायत में नीट में पेपर लीक के गंभीर आरोप लगाए गए थे। जांच एजेंसी ने बताया कि शुरुआती कार्रवाई के बाद देशभर में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।
सीबीआई के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ बिचौलिए ऐसे छात्रों को जोड़ते थे, जो लाखों रुपए देकर विशेष कोचिंग कक्षाओं में शामिल होते थे, जहां कथित तौर पर परीक्षा में आने वाले प्रश्न उपलब्ध कराए जाते थे। सीबीआई ने कहा है कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पेशेवर तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है और पेपर लीक नेटवर्क के सभी स्तरों की पहचान की जा रही है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
