NEET मुद्दे पर संसद में INDIA गठबंधन का जोरदार प्रदर्शन, विपक्षी सांसद बोले- धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत हटाओ
NEET पेपर लीक मुद्दे पर संसद परिसर में INDIA गठबंधन ने प्रदर्शन किया। राहुल गांधी, खड़गे और प्रियंका गांधी समेत अन्य विपक्षी सांसदों ने धर्मेंद्र प्रधान को हटाने और जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।

NEET पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दे पर सड़क से संसद तक हंगामा जारी है। संसद परिसर में आज विपक्षी सांसदों ने एक बार फिर जोरादर प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। संसद परिसर में हुए प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और INDIA गठबंधन के अन्य सांसद शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान विपक्ष ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की बात कही।
'धर्मेंद्र प्रधान को हटाओ, शिक्षा व्यवस्था को सुधारो'
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जिस शिक्षा मंत्री के कार्यकाल में लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, वह पद पर बने नहीं रह सकते। पार्टी ने कहा कि पूरा विपक्ष धर्मेंद्र प्रधान को हटाने और मोदी सरकार से उसकी विफलताओं पर जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर एकजुट है।
एक अन्य पोस्ट में कांग्रेस ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के अन्य नेताओं ने संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दो प्रमुख मांगें सामने रखी गईं- 'धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करो' और 'शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करो'।
प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी के ट्वीट पर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के NEET पेपर लीक पर किए गए ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्रों की मुख्य मांग धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करने वालों के खिलाफ कदम उठाना है। उन्होंने कहा कि छात्रों का व्यवस्था पर भरोसा टूट चुका है और अगर सरकार सिर्फ व्यवस्था के भीतर रहकर समाधान तलाशने की कोशिश करेगी तो छात्र उसे स्वीकार नहीं करेंगे।
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री छात्रों पर भरोसा जताने की बात कर रहे हैं, जबकि पिछली रात छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज कर रही थी और उन पर आंसू गैस के गोले दागे जा रहे थे। उनके मुताबिक, अगर सरकार वास्तव में छात्रों की चिंता करती है तो उसे छात्रों से सीधे संवाद करना चाहिए।
के.सी. वेणुगोपाल बोले- पहले धर्मेंद्र प्रधान को हटाइए
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री के X पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दावों पर अब कोई भरोसा नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
वेणुगोपाल ने कहा कि सबसे पहले धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से हटाया जाना चाहिए, उसके बाद ही सरकार को छात्रों से बात करनी चाहिए। उनके अनुसार, सिर्फ बयान देने से छात्रों की नाराजगी दूर नहीं होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
