NEET UG री-एग्जाम से पहले केंद्र का बड़ा कदम, टेलीग्राम पर रोक, एयर फोर्स की निगरानी में पहुंचेंगे प्रश्न पत्र
NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले केंद्र सरकार ने टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगा दी है। एयर फोर्स, CRPF और CISF की निगरानी में 21 जून को परीक्षा होगी।

21 जून को होने वाली NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने टेलीग्राम पर 22 जून तक अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। इसके अलावा 30 जून तक टेलीग्राम पर मैसेज एडिट करने का फीचर भी बंद रहेगा। सरकार का कहना है कि यह कदम नकल गिरोहों और परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की छेड़छाड़ को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने भी इस फैसले का स्वागत किया है।
पेपर लीक विवाद के बाद बढ़ाई गई निगरानी
मई में आयोजित NEET UG परीक्षा को कुछ सवालों के लीक होने के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। अब दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। हाल ही में कैबिनेट सेक्रेटरी टी.वी. सोमनाथन ने NTA अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और स्पष्ट संदेश दिया कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता को प्रभावित करने, उसमें बाधा डालने या किसी भी तरह की छेड़छाड़ करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एयर फोर्स से पहुंचेंगे प्रश्न पत्र, सुरक्षा में CRPF-CISF तैनात
दोबारा परीक्षा को सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र ने कई स्तरों पर सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रश्न पत्रों के परिवहन के लिए इंडियन एयर फोर्स की मदद ली जा रही है। वहीं, परीक्षा केंद्रों और स्थानीय प्रशासन की सहायता के लिए CRPF और CISF के जवानों की तैनाती की गई है। केंद्र सरकार का कहना है कि राज्य सरकारों और जिला प्रशासन के सहयोग से परीक्षा की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
बढ़ाया गया समय और रफ वर्क की सुविधा
NTA ने उम्मीदवारों के लिए कुछ महत्वपूर्ण बदलावों का भी ऐलान किया है। 21 जून को होने वाली परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित होगी। कुल 195 मिनट की अवधि में परीक्षा शुरू होने और खत्म होने से जुड़ी औपचारिकताएं भी शामिल होंगी। छात्रों की मांग को देखते हुए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है ताकि वास्तविक परीक्षा समय प्रभावित न हो।
इसके साथ ही रफ वर्क के लिए प्रश्न पुस्तिका में उपलब्ध पन्नों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। पहले जहां छात्रों को केवल 2 पेज मिलते थे, वहीं, अब 4 पृष्ठ उपलब्ध कराए जाएंगे। NTA का मानना है कि इससे अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने में अधिक सुविधा मिलेगी और परीक्षा का अनुभव बेहतर होगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
