'धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरकार ने मांगा एक दिन का समय', CJP का दावा- दो मांगों पर सैद्धांतिक सहमति
NEET-UG पेपर लीक मामले पर CJP और केंद्र सरकार की दूसरी बैठक हुई। CJP का दावा है कि सरकार ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कल तक का समय मांगा और दो मांगों पर सैद्धांतिक सहमति दी है।

दिल्ली में शिक्षा सुधार और NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच शुक्रवार को दूसरी अहम बैठक हुई। बैठक के बाद CJP ने दावा किया कि सरकार ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर जवाब देने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है। पार्टी का यह भी कहना है कि उसकी दो अन्य मांगों पर सरकार ने सैद्धांतिक सहमति जता दी है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कल तक जवाब
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रंका और सौरव दास ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ बैठक की। यह दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्र सरकार और CJP के बीच दूसरी अहम बैठक थी। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में आशुतोष रंका ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को या तो इस्तीफा देना चाहिए या उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर सरकार से विस्तार से चर्चा हुई और सरकार ने इस मांग पर जवाब देने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है।
रंका ने कहा कि अगर धर्मेंद्र प्रधान को हटाने में देरी हुई तो आंदोलन और बड़ा होगा।
दो मांगों पर सैद्धांतिक सहमति का दावा
CJP का कहना है कि बैठक के दौरान सरकार ने उसकी दो मांगों पर सैद्धांतिक सहमति जताई है। इनमें NEET अभ्यर्थियों की आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने और छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज कानूनी मामलों को वापस लेने की मांग शामिल है।
रंका ने मीडिया से कहा कि इन दोनों मांगों को सरकार ने "इन-प्रिंसिपल" मंजूरी दी है। हालांकि, इन पर औपचारिक घोषणा या विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
NEET-UG पेपर लीक को लेकर जारी है आंदोलन
NEET-UG पेपर लीक मामले और शिक्षा सुधार की मांग को लेकर CJP पिछले कुछ समय से बड़े स्तर पर आंदोलन चला रही है। इसी क्रम में केंद्र सरकार और संगठन के बीच यह दूसरी उच्चस्तरीय बैठक हुई। अब नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार शनिवार दोपहर तक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर क्या फैसला सुनाती है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
