नेपाल त्रासदी: 900 बच्चों के लिए देवदूत बने प्रधानाचार्य, समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर बचाई सबकी जान
सोमवार को और शव मिलने के बाद नेपाल में इस विनाश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 939 हो गई है, जबकि 4,000 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।

जिंदगी और मौत के बीच कुछ मिनटों का फासला क्या होता है यह बात मध्य-उत्तर नेपाल की त्रिशूली घाटी में त्रिभुवन त्रिशूली माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र दवाड़ी से बेहतर कौन बता सकता है जिन्होंने समय रहते विनाशकारी बाढ़ से न सिर्फ अपनी बल्कि वहां मौजूद 900 से ज्यादा बच्चों की जान बचाई। वहीं सोमवार को और शव मिलने के बाद नेपाल में इस विनाश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 939 हो गई है, जबकि 4,000 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।
स्कूल खुलते ही मिली खतरे की सूचना
सुबह का समय था और विद्यालय में कक्षाएं शुरू ही हुई थीं। प्रधानाचार्य राजेंद्र दवाड़ी भी एक कक्षा में थे, तभी स्कूल का लेखाकार दौड़ता हुआ आया और चेतावनी दी कि नेपाल की त्रिशूली घाटी में बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है और अपने साथ घरों, पुलों और पूरे-पूरे गांवों को बहा ले जा रहा है। इसके बाद एक शिक्षक को फोन पर एक और चेतावनी मिली।
समय रहते निर्णय ने बचाई बच्चों की जान
कुछ ही देर बाद एक महिला अपने बच्चे को घर ले जाने के लिए स्कूल पहुंची। खतरे की अब तक पुष्टि नहीं हुई थी लेकिन दवाड़ी के पास फैसला लेने के लिए बहुत कम समय था। उन्होंने स्कूल की घंटी बजाई और विद्यार्थियों और कर्मचारियों को इमारत से बाहर निकलकर ऊंची जगह पर जाने का निर्देश दिया। उन्होंने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया, ‘‘मैंने तुरंत स्कूल बंद करने और बच्चों को बाहर निकालने का फैसला किया।’’
जब वह बच्चों के पीछे पास की एक पहाड़ी की ओर जा रहे थे, तब उनके पीछे बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा था। पहाड़ी पर सुरक्षित पहुंचने के बाद उन्होंने उस स्कूल को देखा, जहां वह कभी खुद छात्र रहे थे और जहां उन्होंने वर्षों तक पढ़ाया था। देखते ही देखते वह स्कूल पानी, कीचड़, बड़े-बड़े पत्थरों और मलबे की तेज धारा में बह गया। स्कूल के दो कर्मचारी वहां से निकल नहीं सके और अब भी लापता हैं। समय रहते स्कूल खाली कराने के फैसले से नेपाल में आई भीषण बाढ़ से कम से कम 900 बच्चों की जान बच गई।
बच्चों को ला रहे स्कूल बसों को वापस भेजा
मध्य-उत्तर नेपाल की त्रिशूली घाटी में त्रिभुवन त्रिशूली माध्यमिक विद्यालय में 1,643 छात्र पढ़ते थे। उस सुबह कम से कम 900 छात्र स्कूल परिसर में मौजूद थे जबकि कुछ छात्र अभी स्कूल पहुंच ही रहे थे। दवाड़ी ने स्कूल में मौजूद विद्यार्थियों को बाहर निकलने का निर्देश दिया और छात्रों को लेकर आ रहे बस चालकों को फोन कर सतर्क किया और कहा कि वे केवल सुरक्षित स्थानों पर ही रुकें।
दवाड़ी ने बताया कि विद्यार्थियों से भरी एक बस स्कूल पहुंच चुकी थी, तभी उन्होंने चालक से बस वापस ले जाने को कहा। बस एक नवनिर्मित पुल से गुजरी और कुछ ही क्षण बाद उसके बगल में बना पुराना पुल ढह गया। दवाड़ी के लिए इस तबाही का असर व्यक्तिगत भी है क्योंकि वह स्कूल उनका कार्यस्थल होने के साथ-साथ उनके जीवन का एक बड़ा हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। मैंने उसी स्कूल से शिक्षा हासिल की और उसी स्कूल में शिक्षा दी।’’
इसे भी पढ़ेंः नेपाल त्रासदी: क्या '26 तारीख' कोई मनहूस संयोग है? नेपाल की बाढ़ ने फिर ताजा किया त्रासदियों का काला इतिहास
बच्चों के निकलते ही स्कूल की इमारत बाढ़ में बही
आपदा के दौरान दवाड़ी की सूझबूझ और त्वरित फैसले लेने को बहादुरी का काम बताया जा रहा है। घटना के कुछ दिन बाद जब वह स्कूल की जगह पर लौटे, तो बच्चों के माता-पिता ने उन्हें गले लगाकर अपने बच्चों की जान बचाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘‘बच्चों के माता-पिता ने मुझे गले लगाया। वे मेरे साथ रोए। वे भावुक थे।’’ छात्रा सुविना तमांग (14) ने बताया कि सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित निकाल लिए जाने के कुछ ही देर बाद स्कूल की तीन मंजिला इमारत बाढ़ के पानी में बह गई। उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं उनसे मिलूंगी तो मेरी जान बचाने के लिए उन्हें धन्यवाद दूंगी।’’
दवाड़ी के स्कूल का तबाह होना कोई अकेली घटना नहीं है। उत्तरी नेपाल के कई हिस्सों में बाढ़ ने हजारों बच्चों को कक्षाओं से वंचित कर दिया, उनकी पढ़ाई बाधित हुई और इस बात की आशंका बढ़ गई है कि इस आपदा के कारण उन्हें कई महीनों की पढ़ाई का नुकसान हो सकता है। परमार्थ संगठन ‘सेव द चिल्ड्रन’ ने एक बयान में बताया कि उत्तरी नेपाल में कम से कम 69 स्कूल पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जिससे करीब 19,000 विद्यार्थियों की पढ़ाई पर संकट मंडरा रहा है।
इसे भी पढ़ेंः नेपालः हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के अंडरग्राउंड पावर हाउस तक नहीं पहुंच पाई बचाव टीम, कई लोगों के फंसे होने की उम्मीद
नेपाल आपदा में मृतकों की संख्या 939 हुई
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास हिमालय में ग्लेशियर के टूटने के बाद 26 अगस्त को देश में अचानक बाढ़ आ गई थी, जिसने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों व गांवों को तबाह कर दिया, जरूरी बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और जलविद्युत केंद्रों को भी बहा दिया। सोमवार को और शव मिलने के बाद इस विनाश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 939 हो गई जबकि 4,000 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। नेपाल जहां अभी भी विनाशकारी प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है, वहीं दवाड़ी के स्कूल की कहानी दूरदर्शिता और साहस की एक मिसाल बनकर सामने आई है।
इसे भी पढ़ेंः नेपाल में विनाशकारी जलप्रलय की वजह क्या, भूकंप, हिमस्खलन या टूटा ग्लेशियर? रिपोर्ट में नया खुलासा
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
