लंदन में खालिस्तानी समर्थकों द्वारा भारतीय उच्चायोग पर हमले की NIA करेगी जांच

यह मामला पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में दर्ज किया गया था। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामले को एनआईए को ट्रांसफर करने की मंजूरी दे दी थी।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

एनआईए ने 19 मार्च को लंदन में भारतीय उच्चायोग पर खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए हमले की जांच अपने हाथ में ले ली है। एजेंसी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। यह मामला पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में दर्ज किया गया था। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामले को एनआईए को ट्रांसफर करने की मंजूरी दे दी थी।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने 19 मार्च को लंदन में भारतीय उच्चायोग में खालिस्तान समर्थक कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की थी। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा दिल्ली पुलिस को कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहने के बाद मामला दर्ज किया गया है।

भारतीय दंड संहिता, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान की रोकथाम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

विरोध के दौरान सुरक्षा की पूर्ण अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण की मांग करते हुए केंद्र द्वारा ब्रिटिश उप उच्चायुक्त को भी तलब किया गया है। भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त, एलेक्स एलिस ने इस घटना को अस्वीकार्य बताया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia