अनलॉक-3 के तहत दिल्ली में नाईट कर्फ्यू खत्म, साप्ताहिक बाजारों को भी मिली अनुमति

दिल्ली सरकार ने आज एक आदेश में कहा फेरीवालों को भविष्य में बिना किसी समय सीमा के अपना काम करने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही ट्रॉयल के आधार पर साप्ताहिक बाजारों को एक सप्ताह के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य एहतियाती उपायों के साथ काम करने की अनुमति होगी।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

कोरोना संकट के बीच अनलॉक-3 के तहत दिल्ली सरकार ने रात के कर्फ्यू को समाप्त करने का फैसला लिया है। देश में कोरोना संकट के चलते लागू लॉकडाउन के बाद से दिल्ली में रात का कर्फ्यू लागू था। साथ ही केजरीवाल सरकार ने ट्रायल के आधार पर दिल्ली के साप्ताहिक बाजारों को खोलने का भी निर्णय लिया है। दिल्ली सरकार ने होटलों में समान्य कामकाज शुरू करने भी अनुमति देने का फैसला किया है।

दिल्ली सरकार ने एक आदेश जारी करते हुए कहा, "एक सप्ताह के लिए सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक ट्रायल के आधार पर दिल्ली में स्ट्रीट हॉकर्स को काम करने की अनुमति दी गई थी। आज निर्णय लिया गया कि सड़क पर चलने वाले फेरीवालों को भविष्य में बिना किसी समय सीमा के अपना काम करने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही सरकार ने ट्रॉयल के आधार पर साप्ताहिक बाजारों को एक सप्ताह के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और सभी आवश्यक एहतियाती उपायों के साथ काम करने की अनुमति दी है।"

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को केंद्र सरकार द्वारा जारी अनलॉक-3 के दिशा-निर्देशों के तहत दिल्ली की अर्थव्यवस्था को खोलने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। पिछले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा लगातार कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, ताकि लॉकडाउन के दौरान बुरी तरह से प्रभावित हुई दिल्ली की अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लाया जा सके।

गौरतलब है कि दिल्ली में फिलहाल कोरोना के 10,770 एक्टिव केस हैं। दिल्ली में कुल 1,33,310 केस हैं, जिसमें से 88.99 प्रतिशत या 1,18,633 मरीज ठीक हो चुके हैं। इससे पहले पिछले सप्ताह स्ट्रीट हॉकर को ट्रायल के आधार पर एक सप्ताह के लिए अपना काम शुरू करने की अनुमति दी गई थी। साथ ही कोविड अस्पतालों से अटैच होटलों को डी-लिंक किया गया था, ताकि वे सामान्य रूप से काम करना शुरू कर सकें। साथ ही केजरीवाल ने जॉब की तलाश कर रहे लोगों और जॉब देने वाले कारोबारियों के बीच तालमेल सुनिश्चित करने के लिए 'रोजगार बाजार' जॉब्स पोर्टल लांच किया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia