'नीतीश के लिए नौ हत्याओं की साजिश रची थी'... अनंत सिंह के दावे से बिहार की राजनीति में मचा हड़कंप
अनंत सिंह ने 2005 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा था और उसी वर्ष नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे। विवादित बयानों के लिए चर्चित अनंत सिंह ने कुछ घंटे बाद सफाई देने के लिए पत्रकारों को अपने आवास पर बुलाया। हालांकि, उनके बयान से जेडीयू की मुश्किलें बढ़ गईं।

अनंत सिंह का दावा- नीतीश की मदद के लिए नौ लोगों की हत्या करवाई थी
नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने से मोकामा विधायक सिंह नाराज
बयान पर विवाद बढ़ने के बाद अनंत सिंह ने कुछ घंटे बाद सफाई दी
बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से नाराज बताए जा रहे विधायक अनंत कुमार सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मदद के लिए नौ लोगों की हत्या करवाई थी। अनंत सिंह के इस दावे से बिहार की राजनीति में हड़कंप मच गया है।
नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने से अनंत नाराज
आगामी विधान परिषद चुनाव में जेडीयू द्वारा नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने से मोकामा से विधायक सिंह नाराज हैं। नीरज कुमार, विधान परिषद के तीन बार सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने नीरज कुमार को हराने का संकल्प लेते हुए जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन करने की बात भी कही है।
'नीतीश की मदद के लिए 9 लोगों की हत्या करवाई'
अनंत सिंह ने एक मीडिया संस्थान से बातचीत में कहा, ‘‘नीतीश कुमार और मेरे संबंध बहुत पुराने हैं। उनकी मदद करने के लिए मैंने नौ लोगों की हत्या करवाई। जब वह संघर्ष कर रहे थे और राजनीति में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे, तब मैं उनके साथ खड़ा था।’’ अनंत सिंह ने कहा कि जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन करना नीतीश कुमार की अवहेलना नहीं है।
बयान पर विवाद के बाद अनंत सिंह ने दी सफाई
अनंत सिंह ने 2005 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा था और उसी वर्ष नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। विवादित बयानों के लिए चर्चित अनंत सिंह ने कुछ घंटे बाद सफाई देने के लिए पत्रकारों को अपने आवास पर बुलाया हालांकि, इस दौरान उनके बयान से जेडीयू की मुश्किलें बढ़ गईं।
जेडीयू प्रवक्ता ने अनंत के बयान से किया किनारा
इस बीच, जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने एक वीडियो बयान जारी कर पार्टी को इस विवाद से अलग करने का प्रयास किया। उन्होंने अनंत सिंह का नाम लिए बिना कहा कि नीतीश कुमार का 50 साल का राजनीतिक करियर बेदाग रहा है। प्रसाद ने कहा, ‘‘उनका (नीतीश कुमार का) अपराधियों से मेलजोल, हिंसा में संलिप्तता या किसी भी तरह की नकारात्मक गतिविधि से कोई संबंध नहीं रहा है। इस तरह के बयान पर पार्टी कोई संज्ञान नहीं लेती और न ही जनता इसे गंभीरता से लेने वाली है।’’
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
