नीतीश कुमार ने सत्ता छोड़ने से पहले बिहार का खजाना खाली किया, अब दिल्ली से चलेगी राज्य की सरकार: तेजस्वी यादव

तेजस्वी कहा कि नीतीश कुमार बिहार छोड़ने वाले हैं और उससे पहले ही उन्होंने राज्य का खजाना खाली कर दिया है। 20 वर्षों के एनडीए शासन के बाद भी बिहार सबसे गरीब राज्य बना हुआ है, जहां प्रति व्यक्ति आय और निवेश सबसे कम है और शिक्षा-स्वास्थ्य की स्थिति खराब है।

नीतीश कुमार ने सत्ता छोड़ने से पहले बिहार का खजाना खाली किया, अब दिल्ली से चलेगी राज्य की सरकार: तेजस्वी यादव
i
user

नवजीवन डेस्क

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने से पहले बिहार का खजाना खाली कर दिया है और अब राज्य की सरकार “दिल्ली से चलाई जाएगी।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी ने राज्य में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को हड़प लिया है।

तेजस्वी यादव ने पटना में कहा, “नीतीश कुमार बिहार छोड़ने वाले हैं और उससे पहले ही उन्होंने राज्य का खजाना खाली कर दिया है। 20 वर्षों के एनडीए शासन के बाद भी बिहार सबसे गरीब राज्य बना हुआ है, जहां प्रति व्यक्ति आय और निवेश सबसे कम है तथा शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति भी खराब है।

आरजेडी नेता ने पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में पार्टी के छात्र संगठन का नाम बदलकर ‘सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसएसएआई)’ करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि 2017 में गठित ‘छात्र राजद’ के नाम को समाप्त कर अब नए नाम को अपनाया जा रहा है।


तेजस्वी यादव ने कहा, “उच्चतम न्यायालय के एक पुराने आदेश में छात्र संगठनों के नाम में राजनीतिक दलों के नाम के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। उसी आदेश के अनुरूप हमने ‘छात्र राजद’ का नाम बदलकर एसएसएआई कर दिया है।” उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा सितंबर 2006 में स्वीकार और अनिवार्य किए गए लिंगदोह समिति की रिपोर्ट में भी छात्र संगठनों के नाम में राजनीतिक दलों के नाम के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया था।

आरजेडी नेता ने कहा, “काफी समय से हमारा छात्र संगठन निष्क्रिय था। अब हम राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में विश्वविद्यालयों तक पहुंच बनाएंगे और समाजवादी विचारधारा के साथ विद्यार्थियों को संगठित करेंगे।” एसएसएआई के ‘निशान’ का अनावरण करने के बाद उन्होंने बताया कि इसमें तीन शब्द प्रमुख रूप से उभारे गए हैं- शिक्षा, समानता और रोजगार।उन्होंने कहा, “आप जानते हैं कि आज देशभर में शिक्षा की स्थिति सबसे निचले स्तर पर है। इसे मुद्दा बनाना हमारी जिम्मेदारी है। आरजेडी का छात्र संगठन सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखेगा।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia