‘दोषी कितना भी प्रभावशाली हो, बख्शा नहीं जाएगा’, स्वतंत्रता दिवस पर JPSC मामले पर बोले झारखंड के CM हेमंत सोरेन

JPSC मामले पर झारखंड के CM हेमंत सोरेन ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों की जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फोटो: सोशल मीडिया
i

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने JPSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों पर सरकार का पक्ष रखा। सोरेन ने कहा कि लाखों युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और उनके माता-पिता भी अपनी क्षमता से बढ़कर उनकी पढ़ाई का खर्च उठा रहे हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा के साथ न्याय हो।

मुख्यमंत्री ने माना कि पिछले कुछ समय में भर्ती परीक्षाओं को लेकर कई सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि जब परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होता है, तो इसका असर सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरी युवा पीढ़ी के विश्वास पर पड़ता है। सोरेन ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी मेहनत को किसी माफिया, भ्रष्ट तंत्र या अनियमितता के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा।

‘दोषी कितना भी प्रभावशाली हो, बख्शा नहीं जाएगा’

सोरेन ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों की जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति का प्रभाव या रसूख उसे कार्रवाई से नहीं बचा सकता। हालांकि, बिना सबूत किसी को दोषी ठहराने से भी बचने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

सिर्फ कार्रवाई नहीं, परीक्षा व्यवस्था में बदलाव पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल दोषियों को पकड़ लेना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। जरूरत ऐसी व्यवस्था तैयार करने की है, जिसमें भविष्य में कोई भी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने बताया कि सरकार परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की दिशा में काम कर रही है और इस बदलाव में युवाओं की भागीदारी भी चाहती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए