नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में भीषण आग, 22वीं मंजिल पर लगी आग, 6 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

नोएडा सेक्टर-119 की अरण्य सोसाइटी में 22वीं मंजिल पर एसी ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। छह दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

फोटो: सोशल मीडिया
i

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में आग लगने की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने पास के एक अन्य फ्लैट को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

अरण्य सोसाइटी की 22वीं मंजिल से उठीं आग की लपटें

यह घटना नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की है। सोमवार सुबह लोगों ने एक टावर से धुआं उठता देखा, जो कुछ ही देर में भीषण आग में बदल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और अपने स्तर पर भी आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि आग तेजी से फैलते हुए पास के एक फ्लैट तक पहुंच गई, जिसके बाद आसपास के लोगों से भी फ्लैट खाली करने की अपील की गई।


ऊंचाई की वजह से दमकल को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत

आग 22वीं मंजिल पर लगी थी, जिससे दमकल कर्मियों के लिए राहत और बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया। मौके पर पहुंची छह दमकल गाड़ियों ने काफी प्रयास के बाद आग की विकराल लपटों पर काबू पाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए नोएडा के चीफ फायर ऑफिसर (CFO) भी खुद मौके पर पहुंचे। उनके साथ पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर रखी।

एसी ब्लास्ट को माना जा रहा आग का कारण

शुरूआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह 22वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट की बालकनी में लगे एसी में हुआ विस्फोट बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एसी ब्लास्ट के बाद आग भड़की और उसने देखते ही देखते बगल के फ्लैट को भी अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए