सुकेश से जुड़े जबरन वसूली मामले में नोरा फतेही की मुश्किलें बढ़ीं, दिल्ली की अदालत ने तलब किया
आरोप है कि चंद्रशेखर और उसके साथियों ने खुद को अधिकारी बताकर ‘फोर्टिस हेल्थकेयर’ के प्रवर्तक शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से पैसे लिए थे। उन्होंने अदिति से वादा किया था कि वे उनके पति को जमानत दिला देंगे, जो धनशोधन के एक मामले में जेल में बंद थे।

दिल्ली की एक अदालत ने जेल में बंद कथित महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही को गवाह के तौर पर तलब किया है।अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गगनदीप सिंह ने 16 अक्टूबर के अपने आदेश में कहा, ‘‘पूरक आरोपपत्र में तीसरे नंबर की गवाह नोरा फतेही को दो नवंबर के लिए समन जारी करें।’’
दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा चंद्रशेखर के विरुद्ध मामले की जांच कर रही है। इससे पहले एक अदालत ने चंद्रशेखर, उसकी पत्नी लीना पॉलोस और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं-170 (लोक सेवक होने का दिखावा करना), 384 (जबरन वसूली के लिए सजा) और 386 (किसी व्यक्ति को मौत या गंभीर चोट का डर दिखाकर वसूली करना) के तहत आरोप तय किए थे।
इसके अलावा महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका), 1999 के प्रावधानों के तहत भी आरोप तय किए गए थे। यह कानून संगठित अपराध गिरोहों और आतंकवाद से निपटने के लिए बनाया गया है। मकोका अधिकारियों को गिरोह से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों का पता लगाने, उन्हें रोकने और उनमें शामिल लोगों को दंडित करने के लिए विशेष शक्तियां देता है, जिन्हें रोकने में सामान्य दंड संहिताएं कारगर नहीं होतीं।
फिलहाल यह मामला उस चरण में है जहां अभियोजन पक्ष सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ अपने सबूत पेश कर रहा है। पुलिस के आरोपपत्र में पहले ही कई लोगों के बयान दर्ज करने की बात कही गई थी, जिनमें बॉलीवुड अभिनेत्रियां जैकलीन फर्नांडीज और नोरा फतेही भी शामिल हैं।
पुलिस का आरोप है कि चंद्रशेखर और उसके साथियों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर ‘फोर्टिस हेल्थकेयर’ के प्रवर्तक शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से पैसे लिए थे। उन्होंने अदिति से वादा किया था कि वे उनके पति को जमानत दिला देंगे, जो धनशोधन के एक मामले में जेल में बंद थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
