झुलस रहा है उत्तर-मध्य भारत! पारा 50 डिग्री के पार, जानें दिल्ली समेत अन्य राज्यों का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान का चुरू देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, हरियाणा में सिरसा-एडब्ल्यूएस में 50.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू की मार जारी है। उत्तर और मध्य भारत में लोगों का बुरा हाल है। राजस्थान और हरियाणा में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। राजस्थान के चुरू और हरियाणा के सिरसा में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान का चुरू देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, हरियाणा में सिरसा-एडब्ल्यूएस में 50.3 डिग्री, दिल्ली के मुंगेशपुर और नरेला में 49.9 डिग्री और नजफगढ़ में 49.8 डिग्री, हरियाणा के सिरसा में 49.5 डिग्री, राजस्थान के गंगानगर मे 49.4 डिग्री, राजस्थान के पिलानी और फलोदी और उत्तर प्रदेश में झांसी में 49 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

झुलसा देने वाली गर्मी के बीच हरियाणा सरकार ने सरकारी और निजी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां मंगलवार तक के लिए बढ़ा दी हैं।

वहीं, भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग भी बढ़ गई है। आलम यह है कि भीषण गर्मी की वजह से बिजली और पानी की कमी हो गई है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, देस के 150 प्रमुख जलाशयों में पानी का भंडारण पिछले हफ्ते उनके कुल भंडारण का केवल 24 प्रतिशत रह गया, जिससे कई राज्यों में पानी की किल्लत हो गई।


बिहार में कैसा हाल है?

बिहार में भी भीषण गर्मी मार जारी है। मंगलवार को प्रदेश के 9 जगहों पर दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार दर्ज किया गया। औरंगाबाद में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 47.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में बिहार के कई हिस्सों में भीषण गर्मी की मार जारी रहेगी। आईएमडी के अनुसार, 47.7 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ औरंगाबाद मंगलवार को राज्य का सबसे गर्म जगह रहा।

बिहार में कहां कितना तापमान दर्ज हुआ?

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में जिन स्थानों पर तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया उनमें औरंगाबाद (47.7 डिग्री सेल्सियस), डेहरी (47 डिग्री सेल्सियस), अरवल (46.9 डिग्री सेल्सियस), गया (46.8 डिग्री सेल्सियस), रोहतास के विक्रमगंज (46.5 डिग्री सेल्सियस), बक्सर (46.4 डिग्री सेल्सियस), भोजपुर (45.6 डिग्री सेल्सियस), नवादा (45.4 डिग्री सेल्सियस) और राजगीर (44.1 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं।

उधर, पहाडों पर भी बुरा हाल है। मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू में अगले 7 दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। जम्मू में सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था। यहां पर 16 मई से तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां कितनी गर्मी पड़ रही है।


देश में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों और बिहार और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू जारी रहने की संभावना है। आने वाले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग हिस्सों में रात में भी गर्मी की मार जारी रहने के आसार हैं। अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। गुरुवार को देश के उत्तर-पश्चिम हिस्सों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है। ऐसे में हफ्ते के आखिर में छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia