दिल्ली, यूपी, पंजाब-हरियाणा में भीषण लू का कहर, कई शहरों में 48°C तक पहुंचा पारा, IMD का रेड अलर्ट
उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस बीच IMD ने कई राज्यों में अगले 5 दिनों के लिए गंभीर हीटवेव अलर्ट जारी किया है।

उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और हालात ऐसे हैं मानो आसमान से आग बरस रही हो। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों के लिए अगले 5 दिनों तक गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। राजधानी दिल्ली से लेकर यूपी के मैदानी इलाके तक तापमान खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है और राहत की कोई उम्मीद फिलहाल नहीं दिख रही।
दिल्ली और आसपास इलाकों में 46°C तक का खतरा
दिल्ली और NCR क्षेत्र भी झुलसती गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद 23 से 26 मई के बीच तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। लगातार चल रही गर्म हवाएं हालात को और कठिन बना रही हैं, जिससे लोगों को दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुधवार को बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है और देश में सबसे ज्यादा रहा। लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार अगले 3 दिनों तक येलो अलर्ट और उसके बाद ऑरेंज अलर्ट की स्थिति बनी रहेगी। यूपी के कई इलाकों में रातें भी असामान्य रूप से गर्म रहने की चेतावनी दी गई है।
पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी का असर
पंजाब और हरियाणा में भी लू का असर लगातार बढ़ रहा है। रोहतक और भटिंडा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन मैदानी राज्यों में गर्म हवाओं का दबाव लगातार बना हुआ है।
देशभर में हीटवेव अलर्ट, कई शहरों में 40 से 46°C तक तापमान
मौसम विभाग ने उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के लिए हीटवेव, उमस और गर्म रातों को लेकर चेतावनी जारी की है। 24 से 26 मई तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में गंभीर हीटवेव की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 22 से 24 मई तक असर दिखेगा। ओडिशा और उत्तर प्रदेश में रातें भी सामान्य से अधिक गर्म रहने की आशंका है।
22 मई का प्रमुख शहरों का तापमान पूर्वानुमान
दिल्ली: 45°C, पटना: 40°C, लखनऊ: 45°C, जयपुर: 42°C, भोपाल: 43°C, गया: 42°C, कानपुर: 46°C, वाराणसी: 45°C, जोधपुर: 42°C, इंदौर: 42°C, उज्जैन: 42°C, देहरादून: 40°C, चंडीगढ़: 42°C।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
