मौसम अपडेट: दिल्ली-यूपी और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बदला मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

उत्तर भारत में मौसम ने करवट बदली है और दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि यूपी, हरियाणा और राजस्थान में आंधी-बारिश के साथ उत्तराखंड में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी के बीच धूल भरी आंधी और बारिश ने दस्तक देकर लोगों को राहत दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड सहित कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है, जहां अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बारिश

मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मौसम अचानक बदल गया। IMD ने येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया कि हल्की बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। सुबह 06:40 बजे जारी अपडेट के अनुसार, कई हिस्सों में बारिश हो सकती है और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


रात में चली तेज आंधी, कई इलाकों में बारिश

इससे पहले सोमवार देर रात दिल्ली के नजफगढ़, द्वारका, पालम और आईजीआई एयरपोर्ट समेत गुरुग्राम, बहादुरगढ़ और मानेसर में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40-60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला।

यूपी-हरियाणा-राजस्थान में भी अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के शामली, बागपत, मोदीनगर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ में आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं, हरियाणा के कैथल, असंध, झज्जर और पलवल में भी मौसम खराब रह सकता है। राजस्थान के भिवाड़ी, भरतपुर और धौलपुर में धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।


पहाड़ों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड में 28 और 29 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर में 27 से 29 अप्रैल और हिमाचल प्रदेश में 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। 28 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर और 28-29 अप्रैल को हिमाचल व उत्तराखंड में ओलावृष्टि की संभावना है।

पंजाब-हरियाणा में थंडरस्क्वाल, पूर्वोत्तर में भारी बारिश

 मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा में 28 और 29 अप्रैल को ‘थंडरस्क्वाल’ आने की आशंका जताई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में सिक्किम, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में पूरे सप्ताह भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia