नॉर्वे में प्रधानमंत्री मोदी सवाल करने वाली पत्रकार हेले लिंग को भारत आने से रोका गया, वीजा रद्द
लिंग ने अपने वीडियो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीधे संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि वीजा और राजनीतिक मंजूरी मिलने के बाद अचानक यात्रा रोकने का फैसला क्यों किया गया।

नॉर्वे की एक पत्रकार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीधे अपील की है। उन्हें बताया गया था कि वीज़ा जारी होने के बावजूद, उन्हें भारत में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यह पत्रकार बुधवार रात ओस्लो से उड़ान भरकर हैदराबाद में होने वाले 'भारत समिट' में शामिल होने वाली थीं, जहां उन्हें 'प्रेस की आज़ादी' और 'लोकतंत्र' पर बोलना था।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट में बताया है कि यह उनकी पहली भारत यात्रा होने वाली थी, और उन्होंने अमित शाह से इस प्रतिबंध पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
हैदराबाद में होने वाले कांग्रेस के भारत समिट से ठीक पहले नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग स्वेन्सेन ने आरोप लगाया है कि भारत सरकार ने उनका वीजा रद्द कर दिया और उन्हें भारत की यात्रा करने से रोक दिया। वह इस सम्मेलन में मीडिया, प्रेस की आजादी और लोकतंत्र के भविष्य पर एक सत्र में वक्ता के रूप में शामिल होने वाली थीं। हेले लिंग के मुताबिक, उनके पास भारत का वीजा था और सम्मेलन में भाग लेने के लिए राजनीतिक मंजूरी भी मिल चुकी थी। इसके बावजूद, उड़ान के लिए एयरपोर्ट रवाना होने से करीब दस मिनट पहले उन्हें नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास से फोन आया कि वह भारत नहीं जा सकतीं।
लिंग ने अपने वीडियो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीधे संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि वीजा और राजनीतिक मंजूरी मिलने के बाद अचानक यात्रा रोकने का फैसला क्यों किया गया। उन्होंने इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई बताया। हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया है। उनका कहना है कि भारतीय दूतावास ने उन्हें फैसले का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। उन्होंने यह भी कहा कि दूतावास के अधिकारियों का व्यवहार पहले सहयोगपूर्ण रहा था और वह उन्हें इस घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार नहीं मानतीं। उनके आरोपों के मुताबिक, रोक लगाने का फैसला गृह मंत्रालय के स्तर पर हुआ।
हेले लिंग के इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी उपलब्ध नहीं है। भारत सरकार या विदेश मंत्रालय की ओर से इस मामले पर तत्काल कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया था।
हेले लिंग ने इस कार्रवाई के पीछे संभावित कारणों के रूप में अपने पत्रकारिता संबंधी काम और भारत सरकार की आलोचना का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि मई 2026 में नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछना शायद इस फैसले की वजह हो सकता है। उन्होंने अपने अखबार में प्रकाशित उन लेखों का भी उल्लेख किया जिनमें उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना की थी। इसके अलावा, उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी पर लिखी अपनी टिप्पणियों और भारत के एक राजनीतिक अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बारे में सकारात्मक लेखों तथा उसके संस्थापक अभिजीत दिपके के साथ किए गए इंटरव्यू का भी जिक्र किया।
बता दें कि हेले लिंग का नाम इस साल मई में उस वक्त चर्चा में आया था, जब उन्होंने ओस्लो में प्रधानमंत्री मोदी से सार्वजनिक रूप से सवाल किया था। 18 मई को मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गार स्तोरे की संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान, जब दोनों नेता मंच से जा रहे थे, लिंग ने मोदी से पूछा था कि वह दुनिया की सबसे स्वतंत्र प्रेस से कुछ सवाल क्यों नहीं लेते। मोदी ने उनके सवाल का जवाब नहीं दिया और वहां से चले गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लिंग ने बाद में कहा था कि उन्हें प्रधानमंत्री से जवाब मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पत्रकार होने के नाते सवाल पूछना उनका काम था।
जिस सम्मेलन में लिंग को हिस्सा लेना था, वह कांग्रेस की ओर से आयोजित भारत समिट है। यह सम्मेलन 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में होना है। इसका आयोजन तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और कांग्रेस के विदेश विभाग के प्रमुख सलमान खुर्शीद के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, इसमें 70 से अधिक देशों के एक हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और बुद्धिजीवियों के शामिल होने की उम्मीद है।
लिंग को सम्मेलन के दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को मीडिया, प्रेस की आजादी और लोकतंत्र के आपसी संबंधों पर आयोजित सत्र में बोलना था। इस सत्र में उनके साथ प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की अध्यक्ष संगीता बरुआ पिशारोटी, मीडिया और संचार संस्थान से जुड़े लियोनार्ड नोवी तथा फ्रांसेस्को लापेंटा के शामिल होने की जानकारी दी गई है। सत्र का संचालन कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा को करना था।
इस पूरे मामले का एक राजनीतिक पहलू भी है। भारत समिट का आयोजन कांग्रेस कर रही है और इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकतंत्र तथा प्रेस की स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी है। ऐसे में एक विदेशी पत्रकार को सम्मेलन में शामिल होने से रोके जाने का आरोप स्वाभाविक रूप से राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
लिंग ने कहा है कि उनके कार्यक्रम में बोलने में अभी लगभग 48 घंटे का समय था और वह चाहती हैं कि भारत सरकार अपने फैसले पर पुनर्विचार करे। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से अपील की कि उन्हें हैदराबाद पहुंचने दिया जाए। 12 नवंबर की सुबह तक विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और भारतीय दूतावास की ओर से उनके आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
