राम मंदिर चंदा चोरी में केवल धन की नहीं, करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की भी चोरी की गई: सुखविंदर सिंह सुक्खू

राम मंदिर चंदा चोरी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शिमला में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। सीएम सुखविंदर सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी खेल परिसर से राम बाजार स्थित राम मंदिर तक मार्च निकाला और विरोध में नारे लगाए।

राम मंदिर चंदा चोरी में केवल धन की नहीं, आस्था की भी चोरी की गयी: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू
i

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी में केवल धन की चोरी नहीं हुई है, बल्कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की भी चोरी हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल राजनीतिक लाभ के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल करती है।

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को शिमला में प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी खेल परिसर से राम बाजार स्थित राम मंदिर तक मार्च निकाला और विरोध में नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्यों और विधायकों ने राम मंदिर में पूजा-अर्चना की और हवन में हिस्सा लिया।


शिमला स्थित राम मंदिर के दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘हिंदू संस्कृति सभी धर्मों का सम्मान करना सिखाती है और भगवान राम के सच्चे अनुयायी उनके नाम पर राजनीति नहीं करते।’’ सुक्खू ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी राम मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रार्थना की कि मंदिर की दान राशि का दुरुपयोग करने वाले लोगों को सद्बुद्धि मिले और वे सही मार्ग पर लौटें।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि बीजेपी ने राम मंदिर को राजनीति का विषय बना दिया है, जबकि देशभर के लाखों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था और क्षमता के अनुसार मंदिर निर्माण के लिए योगदान दिया था। सुक्खू ने कहा कि भगवान राम के सच्चे भक्त उनके नाम का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं करते, क्योंकि उनका सबसे बड़ा संदेश मानवता की सेवा है। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल लोगों ने न केवल जनता के चढ़ावे का दुरुपयोग किया है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास और आस्था को भी ठेस पहुंचाई है।


सुक्खू ने कहा कि जब भी लोगों की आस्था को ठेस पहुंचती है, तब देश के नागरिक उसके खिलाफ एकजुट होकर खड़े होते हैं। इसे भावनात्मक मुद्दा बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों ने शिमला के राम मंदिर में प्रार्थना की है और ईश्वर से प्रार्थना की है कि मंदिर के चढ़ावे के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार लोगों को सही रास्ता दिखाया जाए। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस हिंदू संस्कृति के मूल्यों में विश्वास रखती है, सभी धर्मों का सम्मान करती है और भगवान राम के आदर्शों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि बीजेपी केवल राजनीति और सत्ता के लिए उनके नाम का इस्तेमाल करती है।