अब चुनाव में ताल ठोकेगी भीम आर्मी, चंद्रशेखर ने किया राजनीतिक दल बनाने का ऐलान

भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने कहा है कि देश में बहुजन आन्दोलन कमजोर पड़ रहा है, इसलिए वो जल्द ही एक राजनीतिक पार्टी बनाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि इसमें वह कई अहम लोगों को जोड़ेंगे।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अब तक देश में बहुजन आन्दोलन को मजबूत करने की बात करते रहे भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने बड़ा ऐलान करते हुए चुनावी राजनीति में उतरने की एक तरह से घोषणा कर दी। बुधवार को चंद्रशेखर ने कहा कि देश में बहुजन मूवमेंट कमजोर पड़ रहा है, इसलिए अब वो अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इसमें वो कई लोगों को साथ जोड़ेंगे, जिसके बारे में बाद में बताया जाएगा।

बता दें कि भीम आर्मी के समर्थक इस बात का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इससे पहले तक चंद्रशेखर अपने आन्दोलनों से देश में बहुजन मूवमेंट को मजबूत करने की बात करते रहे थे। अब पहली बार उन्होंने खुलकर राजनीतिक पार्टी बनाने की बात कही है और साथ ही इसमें अपने साथ कई अहम लोगों को भी जोड़ने का ऐलान किया है। यहां बता दें कि कांशीराम के साथ के कई नेता चंद्रशेखर का साथ दे रहे हैं।


भीम आर्मी प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन आन्दोलन लगातार कमजोर पड़ता जा रहा है। ऐसे में हम जल्द ही राजनीतिक पार्टी बनाने जा रहे हैं, जिसमें प्रदेश के कई बड़े नेता शामिल होंगे। चंद्रशेखर ने कहा कि इस राजनीतिक संगठन के लोगों का काम एसी में बैठना नहीं होगा, बल्कि जनता के बीच जाकर आन्दोलन को मजबूत करना होगा।

इस दौरान चंद्रशेखर ने देश में हुए सबसे बड़े बदलाव नागरिकता संशोधन बिल पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हम इस बिल का विरोध करते हैं, क्योंकि सरकार इस कानून के जरिये देश की एकता को बिगड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि इससे किसी और का भला नहीं होने वाला, क्योंकि बीजेपी अपनी विभाजनकारी राजनीति को मजबूत करने के लिए यह कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ वह एक बड़ा आंदोलन करने जा रहे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia