अब पश्चिम बंगाल का नाम बदलेगी बीजेपी की सरकार, ‘पश्चिम बंगा’ करने का प्रस्ताव पेश करेंगे मुख्यमंत्री
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ करने का प्रस्ताव नौ दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा में पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।

बीजेपी की पश्चिम बंगाल सरकार अब राज्य का नाम बदलने जा रही है
राज्य का नाम ‘पश्चिम बंगा’ करने का प्रस्ताव विधानसभा में पेश होगा
प्रस्ताव पास होने के बाद मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा
देश में कई शहरों और सड़कों का नाम बदलने वाली बीजेपी की पश्चिम बंगाल सरकार अब राज्य का नाम बदलने जा रही है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ करने का प्रस्ताव चार दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के अगले सत्र में पेश किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ होगा
सोमवार को शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ करने का प्रस्ताव नौ दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
ममता सरकार ने भी 2018 में प्रस्ताव पास किया था
इससे पहले, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार ने वर्ष 2018 में राज्य का नाम बदलकर ‘बांग्ला’ करने संबंधी प्रस्ताव विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित किया था। हालांकि, विधानसभा से इस प्रस्ताव के पास होने के बावजूद इसे केंद्र की मंजूरी नहीं मिली, जिससे राज्य का नाम बदलकर ‘बांग्ला’ नहीं हो सका।
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक
पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार से 14 दिसंबर तक होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार आगामी विधानसभा सत्र में आठ विधेयक भी पेश करेगी। इनमें एक विधेयक ऐसा होगा, जिसके पारित होने के बाद दुकानदार अपनी इच्छा के अनुसार अपनी दुकानें चौबीसों घंटे खुली रख सकेंगे।
विधानसभा सत्र में 8 विधेयक पेश करेगी सरकार
उन्होंने बताया कि संसदीय कार्य विभाग भी एक विधेयक पेश करेगा, जिसमें ‘सुभाष चंद्र बोस सेवा केंद्रों’ के कार्यालय खर्च के लिए 30,000 रुपये उपलब्ध कराने और पूर्व विधायकों का चिकित्सा भत्ता 6,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये करने का प्रावधान होगा। ‘सुभाष चंद्र बोस सेवा केंद्र’ एक जनसेवा पहल है, जिसका उद्देश्य लोगों को अपनी शिकायतें और समस्याएं संबंधित विधायकों तक पहुंचाने तथा उनका समाधान कराने में सहायता प्रदान करना है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
