गुजरात के सीएम विजय रूपाणी का ज्ञान, गूगल जैसे थे नारद मुनि, स्पीकर बोले, मोदी ब्राह्मण

गुजरात के मुख्यमंत्री के मुताबिक नारद मुनि गूगल जैसे थे इसीलिए उन्हें सारी जानकारियां रहती थीं। वहीं गुजरात विधानसभा के स्पीकर का कहना है कि पीएम मोदी ब्राह्मण हैं।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

एक और बीजेपी राज्य के ‘हैंड पिक्ड’ मुख्यमंत्री को दिव्य ज्ञान हासिल हुआ है और उन्होंने सीधे गूगल को चुनौती दे दी है। यह मुख्यमंत्री हैं गुजरात के विजय रूपाणी, जिनका मानना है कि नारद मुनि अपने जमाने के गूगल थे और उनके पास हर प्रश्न का जवाब था। बात यहीं नहीं रुकती है। गुजरात विधानसभा के स्पीकर भी कम नहीं हैं। उनका मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राह्मण हैं।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिल्पब देब के एक के बाद एक बयानों को तो आप पढ़ ही चुके हैं। जिसमें 5000 साल पहले इंटरनेट और सैटेलाइट, डायना हेडन की खूबसूरती और सिविल सेवा में सिर्फ सिविल इंजीनियर वाले बयान हैं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पौराणिक कथाओं के पात्र नारद की तुलना गूगल सर्च इंजन से की है। उन्होंने कहा है कि संत नारद को पूरी दुनिया के बारे में जानकारी होती थी। ठीक वैसे ही जैसे आज गूगल सर्च इंजन लोगों को प्रदान करता है।

आरएसएस की शाखा विश्व संवाद केंद्र द्वारा आयोजित नारद जयंती के मौके पर रूपाणी ने कहा कि यह आज के दौर में प्रासंगिक है कि नारद एक ऐसे शख्स थे जिसके पास सूचनाएं होती थी। उनके पास पूरी दुनिया की जानकारी थी। वह उन सूचनाओं पर काम करते थे। मानवता की भलाई के लिए उन सूचनाओं को इकट्ठा करना उनका धर्म था और इसकी काफी जरूरत थी।

रूपाणी ने आगे कहा कि गूगल भी नारद की तरह सूचना का एक स्रोत है, क्योंकि उसे दुनिया में घट रही सभी घटनाओं की जानकारी है।

बिप्लब देब के बारे में तो खबरें आ रही हैं कि उनके ज्ञान की आभा 7 लोक कल्याम तक पहुंच गई है और पीएम मोदी ने उन्हें दिल्ली तलब किया है। वैसे अपनी पार्टी के ज्ञानियों को दिन पहले ही ऐप के जरिए पीएम ने कम बोलने की सलाह दी थी। विजय रूपाणी की पेशी होगी या नहीं, अभी जानकारी नहीं हैं। लेकिन इसी बीच गुजरात विधानसभा के स्पीकर का बयान आ गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बाबा साहेब अंबेडकर को उनके ज्ञान के आधार पर ब्राह्मण कहना उचित है, वैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्राह्मण कहना उचित है। उन्होंने यह बात रविवार को गांधीनगर में हुए मेगा ब्राह्मण बिजनेस सम्मिट में कही थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */