दिल्ली, यूपी, मुंबई और चंडीगढ़ में घर के बाहर मास्क लगाना अनिवार्य, राजधानी में हॉटस्पॉट बने कई इलाके सील

कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मुंबई समेत कई जगहों पर घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी सरकारी ऑफिसों के स्टाफ को मास्क पहनने का आदेश दिया गया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 6 हजार के करीब पहुंच गई है। कोरोना वायरस के प्रसार में तेजी को देखते हुए इसे रोकने के लिए दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ और पूरे उत्तर प्रदेश में घरों से बाहर निकलने पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए मास्क नहीं होने की स्थिति में मुंह पर कोई कपड़ा बांधने से भी काम चलेगा। ऐसा नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। इसमें जुर्माने के साथ जेल भेजने की भी कार्रवाई हो सकती है।

राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार शाम डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ राज्य के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक में यह फैसला किया। उन्होंने कहा कि फेस मास्क पहनने से कोरोना वायरस के संक्रमण को काफी हद तक कम हो सकता है। इसलिए अब घरों से बाहर निकलने वालों के लिए फेस मास्क लगाना अनिवार्य होगा। इसके लिए कपड़े के बने मास्क भी चलेंगे।

वहीं बुधवार को कई जिलों में कोरोना संक्रमण के ताजा मामले मिलने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी राज्य में बाहर निकलने पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। राज्य के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने लखनऊ में बताया कि प्रदेश में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। मास्क न पहनने पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। बता दें कि कोरोना के मामले बढ़ने के कारण यूपी में कई इलाकों को सील कर दिया गया है।

इसी तरह कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी बाहर निकलने पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। बीएमसी कमिश्नर प्रवीण परदेशी ने आदेश में कहा है कि सार्वजनिक जगहों पर सभी लोग मास्क पहनकर निकलेंगे। सड़कों, अस्पताल, ऑफिस, मार्केट, गाड़ी चलाते वक्त, सभी जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य होगा। घर पर बनाए गए कपड़े के मास्क भी पहन सकते हैं। उन्होंने बताया कि मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के कंफर्म केसों की संख्या 1100 के पार कर गई है, जबकि अब तक 40 लोगों की जान जा चुकी है।

केंद्रशासित क्षेत्र चंडीगढ़ में भी मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने 7 अप्रैल से पब्लिक प्लेस पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर और लद्दाख में भी मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है।

बता दें कि पिछले कुछ दिनों में पूरे देश में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी आई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार बुधवार शाम तक दिल्ली में कुल 576 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। जबकि अब तक 9 लोगों की मौत भी हो चुकी है। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के कुल 20 हॉटस्पॉकट चिन्हित किए गए हैं। इन इलाकों को सील कर दिया गया है, जहां किसी को घुसने या बाहर निकलने नहीं दिया जाएगा। यहां पर जरूरी सामानों की होम डिलीवरी होगी।

इसी तरह कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में अब तक इस वायरस के 1147 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। जबकि राज्य में इस वायरस से 64 लोगों की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु में भी अब तक 690 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। पूरे देश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 6 हजार के करीब पहुंच चुकी है। देश में अब तक 149 लोगों की इस वायरस से मौत हो चुकी है, जबकि 4714 लोग इलाजरत हैं, जबकि 411 लोगों को ठीक होने के बाद छुट्टी मिल चुकी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 08 Apr 2020, 10:22 PM