देखते ही देखते 50 लाख पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, दुनिया के आधे से ज्यादा केस सबसे ताकतवर देशों में

गुरुवार तक दुनिया भर में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई, जिनमें से मरने वालों की संख्या 3 लाख 28 हजार 95 है। हालांकि, इसमें राहत की बात ये है कि इस दौरान 20 लाख से ज्यादा लोग ठीक भी हुए हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दुनिया भर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। दुनिया में जानलेवा वायरस से संक्रमितों की संख्या 50 लाख पार कर चुकी है। वहीं इस महामारी से अब तक 3 लाख 29 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। कोरोना वायरस ने सबसे ज्यादा अमेरिका में कहर बरपाया है। यहां वायरस की चपेट में आए लोगों की संख्या 16 लाख के करीब पहुंच चुकी है, जबकि 93 हजार 431 लोगों की जान जा चुकी है।

दुनिया में कोरोना वायरस के असर के आंकड़े एकत्र कर रहे अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) के अनुसार गुरुवार तक दुनिया भर में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई, जिनमें से मरने वालों की संख्या 3 लाख 28 हजार 95 है। हालांकि, इसमें राहत की बात ये है कि इस दौरान 20 लाख से ज्यादा लोग ठीक भी हुए हैं।

सीएसएसई के आंकड़ों के अनुसार, वैश्विक मौतों के आंकड़े की बात की जाए, तो कुल 35 हजार 786 मौतों के साथ ब्रिटेन दूसरे स्थान पर है। महामारी के चलते हुई दस हजार से अधिक मौतों वाले अन्य देशों में 32 हजार 330 मौतों के साथ इटली, 28 हजार 135 मौतों के साथ फ्रांस, 27 हजार 888 मौतों के साथ स्पेन और 18 हजार 859 मौतों के साथ ब्राजील शामिल हैं।

यहां बता दें कि पिछले साल दिसंबर में चीन के वुहान शहर में कोरोना वायरस के संक्रमण का पहला मामला मिला था। उसके बाद से अब तक करीब पांच महीने में वर्तमान में यह आंकड़ा 50 लाख के ऐतिहासिक स्तर को पार कर गया है। खास बात ये है कि कोरोना संक्रमण के आधे से ज्यादा केस अमेरिका, रूस, ब्राजील, स्पेन और ब्रिटेन में मिले हैं।

सबसे पहले स्थान पर जहां करीब 16 लाख मामलों के साथ अमेरिका है, वहीं इसके बाद 3 लाख 8 हजार 705 मामलों के साथ रूस का स्थान है। इसके बाद 2 लाख 91 हजार 579 मामलों के साथ ब्राजील, 2 लाख 49 हजार 619 मामलों के साथ ब्रिटेन, 2 लाख 32 हजार 555 मामलों के साथ स्पेन, 2 लाख 27 हजार 364 मामलों के साथ इटली, 1 लाख 81 हजार 700 मामलों के साथ फ्रांस, 1 लाख 78 हजार 473 मामलों के साथ जर्मनी, 1 लाख 52 हजार 587 मामलों के साथ तुर्की और 1 लाख 26 हजार 949 केसों के साथ ईरान महामारी से सबसे अधिक प्रभावित हुए देशों में शामिल हैं।

मृत्यु अनुपात की बात करें तो डेथ रेशियो के मामले में बेल्जियम की हालत सबसे खराब है। बेल्जियम में हर 10 लाख संक्रमितों में से 790 लोगों की मौत हो रही है। जबकि अमेरिका में हर दस लाख में से 287, रूस में 21, स्पेन में 596, इंग्लैंड में 526, इटली में 535 और फ्रांस में 431 लोगों की मौत देखी गई है। वैश्विक स्तर पर यह प्रतिशत 42.3 है।

सबसे चिंताजनक बात ये सामने आई है कि अब तक अमेरिका, यूरोप जैसे संपन्न देशों कहर बरपाता दिखा रहे कोरोना वायरस ने अब सूडान, ग्वाटेमाला, होंडुरस और अफगानिस्तान जैसे गरीब देशों में भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। आज एक दिन में अफगानिस्तान में 531, सूडान में 410, होंडुरास में 145 और ग्वाटेमाला में 132 नए मामले सामने आ चुके हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia