प्रदर्शनी विवाद पर रेहान वाड्रा बोले-'बीकानेर हाउस की पॉलिसी पढ़कर ही चुनी थी तस्वीरें, फिर भी...'
रेहान वाड्रा ने कहा कि उन्होंने बीकानेर हाउस की पॉलिटिकल कंटेंट से जुड़ी पॉलिसी को पढ़ने के बाद ही अपनी तस्वीरों का चयन किया था। उनकी प्रदर्शनी में किसी भी तरह के राजनीतिक नारे नहीं थे और नेताओं की तस्वीरें भी बहुत कम थीं।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की दिल्ली के बीकानेर हाउस में होने वाली सोलो फोटो प्रदर्शनी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीकानेर हाउस प्रबंधन द्वारा 70 से ज्यादा तस्वीरों को हटाने के लिए कहे जाने पर रेहान वाड्रा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
रेहान वाड्रा ने कहा कि उन्होंने बीकानेर हाउस की पॉलिटिकल कंटेंट से जुड़ी पॉलिसी को पढ़ने के बाद ही अपनी तस्वीरों का चयन किया था। उनकी प्रदर्शनी में किसी भी तरह के राजनीतिक नारे नहीं थे और नेताओं की तस्वीरें भी बहुत कम थीं।
उन्होंने कहा, "ये जो हुआ है, मुझे लगता है गलत हुआ है। मैंने जितना संभव था, बीकानेर हाउस के साथ सहयोग किया था। उनकी जो राजनीतिक सामग्री की पॉलिसी थी, उसे पढ़कर ही मैंने अपनी फोटोज सेलेक्ट की थीं। हमने पॉलिटिकल स्लोगन नहीं लगाए थे। नेताओं की ज्यादा फोटो नहीं थीं। जब उन्होंने हटाने के लिए बताया भी तो मैंने उनको बोला कि हम कोऑपरेट कर लेंगे। चार-पांच फोटो अगर आपको हटानी हैं तो हटा सकते हैं, आप कारण दे दो। हमें वो मिली नहीं। उन्होंने बोला 70 की 70 फोटो हटा दो।"
रेहान वाड्रा ने कहा कि एक सार्वजनिक संस्थान के तौर पर बीकानेर हाउस की जिम्मेदारी है कि वह अपने कलाकारों और दीर्घाओं की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखे और उसकी रक्षा करे। उन्हें लगता है कि इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया कि उनकी तस्वीरें संस्थान की पॉलिसी के खिलाफ हैं। उनकी ज्यादातर तस्वीरें उनके इंस्टाग्राम पर भी मौजूद हैं और उनमें आम लोग ही नजर आते हैं। हां, वे तस्वीरें विरोध प्रदर्शनों की हैं लेकिन उनमें आम जनता है।
रेहान ने कहा कि बीकानेर हाउस को अपनी पॉलिसी को और अधिक विस्तार से बनाना चाहिए, जिसमें यह स्पष्ट हो कि क्या राजनीतिक सामग्री है और इसका फैसला कौन करेगा। दूसरी बात यह है कि ज्यादातर कलाकार राजनीतिक होते हैं, तो आप ऐसी पॉलिसी रखनी ही नहीं चाहिए।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी तस्वीरों में उनके मामा राहुल गांधी या उनकी मां प्रियंका गांधी की तस्वीरें थीं, तो उन्होंने कहा कि एक-दो तस्वीरों में उनकी हल्की सी झलक थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने सोच-समझकर ही तस्वीरों का चयन किया था ताकि विवाद से बचा जा सके।
क्या उन्हें उनकी मां और मामा की वजह से टारगेट किया गया, इस सवाल पर रेहान ने कहा कि वे यह नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि इसकी वजह बीकानेर हाउस वालों से ही पूछनी पड़ेगी कि वजह क्या थी। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि तस्वीरें हटाने के लिए कहे जाने पर उनकी मां प्रियंका गांधी ने क्या कहा, तो उन्होंने बताया, "उन्होंने बोला कि तुम जो सही समझते हो वही करो।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
