इंडिया ब्लॉक की प्रस्‍तावित रैली पर कांग्रेस अध्‍यक्ष खड़गे बोले- जनता को जगाने के लिए है हमारा संघर्ष

खड़गे ने कहा कि मतदान चोरी और चुनाव आयोग में ज्ञानेश कुमार द्वारा की गई गड़बड़ी के कारण हमारा विरोध जारी है। हम इसके खिलाफ विरोध कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। यह लड़ाई लोगों को उनके अधिकारों से वंचित करने के खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए है।

इंडिया ब्लॉक की प्रस्‍तावित रैली पर कांग्रेस अध्‍यक्ष खड़गे बोले- जनता को जगाने के लिए है हमारा संघर्ष
i

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाला इंडिया ब्लॉक का विशाल विरोध प्रदर्शन तय कार्यक्रम के अनुरूप होगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने निरंकुश शासन के खिलाफ जनता को जगाने का बीड़ा उठाया है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक द्वारा चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे एसआईआर अभ्यास में मतदान चोरी और अनियमितताओं के विरोध में यह रैली आयोजित की जा रही है।

जनता को जागरूक करने के लिए लड़ाई

खड़गे ने पत्रकारों से कहा, "मतदान चोरी और चुनाव आयोग में ज्ञानेश कुमार द्वारा की गई गड़बड़ी के कारण हमारा विरोध जारी है। हम इसके खिलाफ विरोध कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। सभी दल हमारा समर्थन कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सरकार के कुकर्मों और कई मतदाताओं को उनके वास्तविक अधिकारों से वंचित करने के प्रयासों के खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए है।

इसे भी पढ़ेंः "चलो दिल्ली" किसी एक पार्टी का नहीं, हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है, राहुल ने लोगों से जुड़ने की अपील की


30 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’

खड़गे ने कहा, “कल भी एक सांकेतिक संसद है और 1 नवंबर को हम एक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, जिसमें देशभर से लोग इकट्ठा होंगे। हम लड़ेंगे क्योंकि लोकतंत्र में जब तक आप लड़ेंगे नहीं लोग जागृत नहीं होंगे। इसीलिए हम यह सब कर रहे हैं।”

दरअसल 1 नवंबर को रैली से पहले इंडिया गठबंधन ने 30 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के आवास पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ चलाने का फैसला किया है। इस कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के सभी दलों के नेता, सिविल सोसायटी के सदस्य, छात्र समेत समाज के विभिन्न वर्ग के लोग शामिल होंगे।

इसे भी पढ़ेंः ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का ‘जन महाभियोग’, 30 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के आवास पर होगा कार्यक्रम

राहुल गांधी ने लोगों से रैली में भाग लेने की अपील की

इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार सुबह रामलीला मैदान में होने वाली रैली में लोगों से भाग लेने का आह्वान किया और इसे "लोकतंत्र को बचाने, वोट चोरी को रोकने और संविधान की रक्षा करने का आंदोलन" बताया। एक्‍स पर पोस्ट किए गए वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि यह मार्च किसी विशेष पार्टी के लिए नहीं बल्कि भारत की आत्मा की रक्षा के लिए है। कांग्रेस सांसद ने सभी राजनीतिक दलों के छात्र समूहों से भी आगे आकर इसमें भाग लेने की अपील की और दावा किया कि लोकतांत्रिक स्वतंत्रता और व्यक्तिगत अभिव्यक्ति खतरे में हैं।