आंध्र प्रदेश में ONGC के गैस कुएं से भारी रिसाव, एक किमी तक का इलाका खाली, हाईवे पर रोकी गई आवाजाही

आंध्र प्रदेश के कोनसीमा जिले में ONGC के गैस कुएं से भारी रिसाव के बाद एक किलोमीटर के दायरे से लोगों को हटाया गया और हाईवे पर यातायात रोक दिया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • आंध्र प्रदेश के कोनसीमा जिले में मंगलवार तड़के ओएनजीसी के गैस कुएं से भारी रिसाव शुरू हुआ, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।

  • गेद्दाडा गांव के पास सुबह 4:30 बजे हुई इस घटना के बाद गैस कुएं के एक किलोमीटर के दायरे से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

  • गैस फैलने की आशंका के चलते पुलिस ने गेद्दाडा-ममिदिकुडुरु हाईवे पर यातायात रोक दिया और रिसाव पर काबू पाने के लिए विशेष टीमें तैनात की गईं।

  • मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ओएनजीसी के साथ मिलकर गैस रिसाव को जल्द नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं।

आंध्र प्रदेश के डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनसीमा जिले में मंगलवार सुबह ओएनजीसी के एक गैस कुएं से भारी रिसाव होने के बाद हड़कंप मच गया। ममिदिकुडुरु मंडल के गेद्दाडा गांव के पास स्थित कुएं से तड़के करीब 4:30 बजे तेज आवाज के साथ गैस निकलनी शुरू हुई। देखते ही देखते आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गैस कुएं के एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

बताया गया है कि यह घटना कुएं में दोबारा ड्रिलिंग (री-ड्रिलिंग) के दौरान हुई। गैस आसपास के इलाकों में फैलने लगी तो स्थानीय लोगों ने तेज गंध की शिकायत की। नेशनल हाईवे-216 से गुजरने वाले वाहन चालकों में भी अफरा-तफरी मच गई। लोग और वाहन चालक सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। एहतियात के तौर पर पुलिस ने गेद्दाडा-ममिदिकुडुरु हाईवे पर यातायात रोक दिया।

गैस रिसाव रोकने के लिए ONGC और दमकल की टीमें तैनात

घटना की जानकारी मिलते ही ओएनजीसी के अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया गया। रिसाव पर काबू पाने के लिए विशेष टीमों को मौके पर लगाया गया है। नरसापुर से एक कंट्रोल टीम भी स्थिति संभालने के लिए रवाना की गई। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल घटनास्थल पर आग लगने की कोई सूचना नहीं है और कुएं का वेलहेड सुरक्षित है।

ओएनजीसी के कर्मचारी गैस को जमीन के स्तर पर फैलने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठा रहे हैं। वहीं, आग लगने की आशंका को देखते हुए दमकलकर्मियों ने रिग के चारों ओर पानी की बौछार करने का इंतजाम किया है। सुरक्षा के लिहाज से डीजल जनरेटर और दूसरे उपकरणों को बंद कर वहां से हटा दिया गया है। गैस कुएं के रिसाव को पूरी तरह रोकने के लिए सीमेंटिंग टीम भी मौके पर पहुंच रही है।


चंद्रबाबू नायडू ने दिए सुरक्षा के निर्देश

गैस रिसाव की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों से बात की और प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने ओएनजीसी को तत्काल कार्रवाई करने और रिसाव पर काबू पाने के लिए विशेष तकनीकी टीमें तैनात करने को कहा है।

नायडू ने हाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं बार-बार होने का जिक्र करते हुए अधिकारियों को ओएनजीसी प्रबंधन के साथ तत्काल बातचीत करने का निर्देश दिया। उन्होंने ओएनजीसी के चेयरमैन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से परामर्श कर सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा करने को भी कहा है। वहीं, ओएनजीसी अधिकारियों का कहना है कि गैस कुएं से हो रहे रिसाव को अगले 4-5 घंटों के भीतर पूरी तरह नियंत्रित कर लिया जाएगा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए