BBC दफ्तर पर IT रेड की विपक्ष ने की निंदा, कांग्रेस बोली- डर गई सरकार, महबूबा ने कहा- सच्चाई से लड़ने की चुकानी पड़ी कीमत

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तर पर आईटी के अधिकारियों ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए गए हैं।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन
user

नवजीवन डेस्क

पीएम मोदी और गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री बनाकर सुर्खियों में आए बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तर पर आयकर विभाग ने छापा मारा है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने बताया कि ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तर पर आईटी के अधिकारियों ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए गए हैं। कर्मचारियों को भी दफ्तर छोड़कर जल्दी घर जाने को कहा गया है। इसके अलावा कई कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा गया है।

बीबीसी दफ्तर पर हुई इस रेड को लेकर विपक्ष ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा है कि पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि बीबीसी ऑफिस में आईटी रेड पर केंद्र पर हमला करते हुए कहा कि यहां हम अडानी मसले पर जेपीसी की मांग कर रहे हैं और सरकार बीबीसी के पीछे पड़ी हुई है। विनाश काले विपरीत बुद्धि।

वहीं कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने कहा कि बीबीसी के दफ्तरों पर आईटी का छापा हताशा की बू लाता है और दिखाता है कि मोदी सरकार आलोचना से डरी हुई है। हम डराने-धमकाने के इन हथकंडों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। यह अलोकतांत्रिक और तानाशाही रवैया अब और नहीं चल सकता।

वहीं यूपी के पूर्व सीएम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि BBC पर छापे की ख़बर ‘वैचारिक आपातकाल’ की घोषणा है।

जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने कहा कि बीबीसी कार्यालय पर छापे का कारण और प्रभाव बिल्कुल स्पष्ट है। सच बोलने वालों को सरकार बेशर्मी से परेशान कर रही है। चाहे वह विपक्षी नेता हों, मीडिया, कार्यकर्ता या कोई और। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि सच्चाई के लिए लड़ने की कीमत चुकानी पड़ती है।

उधर, बीबीसी दफ्तर पर इनकम टैक्स के छापे पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने ट्वीट कर कहा है कि छापे की खबर वाकई में कितनी अप्रत्याशित है?

आपको बता दें, BBC के मुंबई में दो दफ्तर हैं। एक बीकेसी और दूसरा खार में। इनकम टैक्स के अफसर बीकेसी दफ्तर पर पहुंचे हैं। कर्मचारियों को घर जाने के लिए कह दिया गया है। वहीं दिल्ली में बीबीसी का दफ्तर इमारत के 5वें और 11वें फ्लोर पर है, दोनों फ्लोर पर आईटी के अफसर मौजूद हैं। दिल्ली दफ्तर के दोपहर की शिफ्ट के कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने के लिए कहा गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia