विपक्षी नेताओं ने BJP पर लगाया देश बर्बाद करने का आरोप, कहा- इंडिया गठबंधन भारत की आत्मा को बचाने के लिए

समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन भारत की आत्मा को बचाने के लिए है। सत्ता में बैठे लोग भारत को बर्बाद कर रहे हैं। विपक्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देगा।

विपक्षी नेताओं ने BJP पर लगाया देश बर्बाद करने का आरोप
विपक्षी नेताओं ने BJP पर लगाया देश बर्बाद करने का आरोप
user

नवजीवन डेस्क

मुंबई में इंडिया गठबंधन की दो दिवसीय बैठक में भाग लेने के लिए पहुंचे विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर देश को बर्बाद करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी दलों का इंडिया गंठबंधन देश के पुनर्निर्माण के लिए है। विपक्षी नेताओं ने कहा कि यह गठबंधन केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं है, यह गठबंधन भारत की आत्मा को बचाने के लिए है।

गठबंधन की बैठक के लिए मुंबई पहुंचे राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, ''एक राष्ट्र के रूप में भारत का भविष्य अब इस गठबंधन (इंडिया) के भविष्य से अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ है। ये सिर्फ पार्टियों का गठबंधन नहीं है, ये गठबंधन विचारों का है। देश को पहले ही काफी नुकसान झेलना पड़ा है, जिसे अब ठीक करने की जरूरत है।'' झा ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं है, यह देश के पुनर्निर्माण के लिए है।


समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने भी इसी तरह की भावना व्यक्त की। राम गोपाल यादव ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन भारत की आत्मा को बचाने के लिए है। सत्ता में बैठे लोग भारत को बर्बाद कर रहे हैं। विपक्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देगा। राम गोपाल यादव ने आगामी आम चुनावों का जिक्र करते हुए कहा, ''हम एकजुट होकर काम करेंगे। हम उन्हें 2024 में बाहर कर देंगे।''

राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि अपनी महान विविधता, इतिहास, विश्व मंच पर महत्व वाले इस देश को सामूहिक नेतृत्व की आवश्यकता है, जो समाज के सभी वर्गों की जरूरतों और आकांक्षाओं के प्रति उत्तरदायी हो। जयंत चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि अब समय आ गया है, हमारे देश के नागरिक जो चाहते हैं कि भारत विश्व स्तर पर चमके, हमारी अर्थव्यवस्था बेहतर हो, हमारे युवाओं को रोजगार मिले, किसानों को उनकी सही उपज मिले, समाज के सबसे वंचित वर्ग का अधिकार सुरक्षित हो। इसके लिए सामने आना चाहिए और इंडिया का समर्थन करना चाहिए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia