कर्नाटक में SIR के तहत 41.63 लाख से अधिक वोटर को नोटिस दिए गए, 2.18 लाख लोगों को दिए जाने बाकी
राज्य 30 जून को शुरू हुई एसआईआर प्रक्रिया के पहले चरण के बाद प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची से एक करोड़ सात लाख से अधिक मतदाता बाहर कर दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त करीब 44 लाख लोगों पर नाम कटने की तलवार लटक रही है।

राज्य में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 1,07,00,000 नाम कटे
41.63 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस मिले
2.18 लाख मतदाताओं को नोटिस दिए जाने बाकी
अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर को प्रकाशित होगी
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि मतदाता सूचियों के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अब तक मतदाताओं को 41.63 लाख से अधिक नोटिस दिए जा चुके हैं, जबकि 2.18 लाख नोटिस दिए जाने बाकी हैं।
41,63,368 मतदाताओं के नोटिस दिए जा चुके
सीईओ कार्यालय के अनुसार, 25 सितंबर तक राज्य की मतदाता सूची में कुल 4,48,44,080 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2.22 करोड़ पुरुष, 2.25 करोड़ महिला और 2,873 तृतीय लिंगी (ट्रांसजेंडर) मतदाता शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत उन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनके विवरण में 'पुराने रिकॉर्ड से मिलान न होने' (नो मैपिंग) या 'जानकारी में त्रुटि' (विसंगति) जैसी बातें सामने आई हैं।
कुल 43,82,296 मतदाताओं को नोटिस दिए जाने हैं
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, पूरे राज्य में कुल 43,82,296 नोटिस जारी किए गए हैं। बयान में कहा गया, "इनमें से 41,63,368 नोटिस दिए जा चुके हैं, जबकि 2,18,928 नोटिस दिए जाने बाकी हैं। इस प्रकार नोटिस दिए जाने का कुल प्रतिशत 95 प्रतिशत रहा है।" सीईओ कार्यालय ने बताया कि सुनवाई के संबंध में, दिए गए नोटिस में से 28,80,882 (69.20 प्रतिशत) पर सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 12,82,486 मामलों में सुनवाई लंबित है।
नोटिस चरण पूरा करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर
सीईओ कार्यालय के अनुसार, उसे प्रपत्र-छह के 7,70,988 आवेदन, प्रपत्र-6ए के 4,551 आवेदन, प्रपत्र-सात के 61,130 आवेदन और प्रपत्र-आठ के 11,11,495 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार कुल प्राप्त आवेदनों की संख्या 19,48,164 हो गई है। अंतिम सुनवाई 12 अक्टूबर को होगी, जबकि दावों और आपत्तियों के निस्तारण तथा नोटिस चरण को पूरा करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर है।
अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर को प्रकाशित होगी
बता दें कि कर्नाटक में एसआईआर की शुरुआत 30 जून को हुई थी। पिछले महीने एसआईआर प्रक्रिया के पहले चरण के बाद प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची से एक करोड़ सात लाख से अधिक मतदाता बाहर कर दिए गए हैं। इन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लिकेट और अन्य श्रेणियों में रखा गया है। इसके अतिरिक्त करीब 44 लाख लोगों पर नाम कटने की तलवार लटक रही है, जिन्हें नोटिस दिया जा रहा है।दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
