बिहार-यूपी से दिल्ली आने वाली 70 से अधिक ट्रेनें रद्द, राजधानी से अमृत भारत तक कई ट्रेन कैंसल, यात्रियों की फजीहत

ट्रेनों के रद्द होने से पटना से लेकर यूपी के कई शहरों के हजारों यात्रियों को परेशानी हुई। अचानक ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों की आगे की कई योजनाएं पूरी तरह बिगड़ गई हैं। वहीं रेलवे प्रशासन को भी रिफंड के रूप में यात्रियों को बड़ी रकम चुकानी पड़ी।

बिहार-यूपी से दिल्ली आने वाली 70 से अधिक ट्रेनें रद्द, राजधानी से अमृत भारत तक कई ट्रेन कैंसल, यात्रियों की फजीहत
i

रेलवे ने 70 से अधिक ट्रेनों को आज निरस्त कर दिया

बिहार-यूपी से आने वाली कई वीआईपी ट्रेन भी रद्द

हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा

दिल्ली में बड़े आंदोलन के चलते रेलवे ने लिया फैसला

राजधानी दिल्ली में 10 अक्तूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के कारण रेलवे ने एनसीआर से गुजरने वाली 70 से अधिक ट्रेनों को आज निरस्त कर दिया। इस निर्णय से यूपी से बिहार तक दिल्ली जाने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बिहार-यूपी से आने वाली कई वीआईपी ट्रेन भी रद्द

रेलवे की ओर से आज जिन ट्रेनों को निरस्त किया गया है उनमें कई वीआईपी ट्रेन शामिल हैं। इनमें प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, शिवगंगा, पटना राजधानी, सियालदाह राजधानी आदि कई ट्रेनें प्रमुख रूप से शामिल हैं। ट्रेनों के निरस्तीकरण के इस निर्णय से पटना से लेकर यूपी के कई शहरों के हजारों यात्रियों को परेशानी हुई। अचानक ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों की आगे की कई योजनाएं पूरी तरह बिगड़ गई हैं। वहीं रेलवे प्रशासन को भी रिफंड के रूप में यात्रियों को बड़ी रकम चुकानी पड़ी।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के यात्रियों के लिए झटके की बात यह है कि प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस और प्रयागराज-शकूरबस्ती स्पेशल को पूरी तरह से निरस्त कर दिया गया है। अचानक ट्रेनों के रद्द होने से उन हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिनकी पहले से बुकिंग थी और जो अपनी यात्रा के लिए स्टेशन पहुंच चुके थे या तैयारी कर चुके थे।


बिहार से चलने वाली कई ट्रेनें रद्द

बिहार से भी आज कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। डीआरएम दानापुर ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा कि जो मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने सोर्स स्टेशन से चलने वाली हैं और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली हैं, उन्हें सोर्स स्टेशन पर ही रद्द कर दिया गया।

दानापुर मंडल ने बताया कि 20801 मगध एक्सप्रेस जो इस्लामपुर से 9 अक्टूबर को चलकर 10 अक्टूबर को नई दिल्ली पहुंचने वाली थी, उसे रद्द कर दिया गया है। गाड़ी संख्या 12309 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन को भी 9 अक्टूबर को रद्द कर दिया गया है।

हावड़ा से बिहार तक कई राजधानी ट्रेनें भी रद्द

इसके अलावा गाड़ी संख्या 12393 सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस राजेंद्र नगर से 9 अक्टूबर को शाम 7:20 बजे चलने वाली थी और 10 अक्टूबर को सुबह 7:55 बजे नई दिल्ली पहुंचती। उसे भी रद्द कर दिया गया है। गाड़ी संख्या 22361 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस जो राजेंद्र नगर से 9 अक्टूबर को शाम 7:50 बजे चलने वाली थी और 10 अक्टूबर को दोपहर 1:10 बजे नई दिल्ली पहुंचती, उसे भी रद्द कर दिया गया है।

पूर्व रेलवे ने 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए बताया कि हावड़ा और सियालदह से राजधानी एक्सप्रेस की सेवाएं शुक्रवार के लिए रद्द कर दी गई हैं, जिनमें ट्रेन नंबर 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसे भी पढ़ेंः राजधानी-शिवगंगा-सम्पूर्ण क्रांति समेत कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें हुई रद्द, यहां देखें लिस्ट


पश्चिम मध्य रेलवे ने भी कई ट्रेनों को रद्द किया

पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल ने भी बताया कि परिचालन संबंधी कारणों से भोपाल होकर जाने वाली गाड़ी संख्या 22221 मुंबई-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस को 9 अक्टूबर को अपने शुरुआती स्टेशन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से ही रद्द कर दिया गया है। भोपाल स्टेशन से इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों से कहा गया है कि वे अपनी यात्रा की योजना दोबारा बनाएं और रेलवे की आधिकारिक सूचना और पूछताछ सेवाओं से अपडेट जानकारी लेते रहें। रेल प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को देखते हुए फैसला

दरअसल 10 अक्तूबर को सीजेपी और कुछ अन्य संगठनों की ओर से दिल्ली में बड़े आंदोलन की घोषणा के चलते रेलवे प्रशासन ने 10 अक्तूबर की सुबह 4:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर पहुंचने वाली कई प्रमुख मेल, एक्सप्रेस, राजधानी, शताब्दी और ईएमयू/मेमू ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशनों से ही रद्द कर दिया है।

इसे भी पढ़ेंः दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन आज रात 9 बजे से होंगे बंद? प्रदर्शन के चलते पुलिस ने DMRC को लिखा पत्र; देखें स्टेशनों की सूची

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए