पद्म विभूषण देना मुलायम सिंह का उपहास उड़ाने जैसा, भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिएः स्वामी प्रसाद मौर्य

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को सरकार ने पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया। इसमें मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण दिए जाने की घोषणा की गई। इस बार कुल 106 हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए जाने की घोषणा हुई है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता व एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य ने पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण दिए जाने की घोषणा पर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि यदि नेताजी को सम्मान देना ही था तो भारत रत्न के सम्मान से सम्मानित करना चाहिए था।

मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने विरोध जताते हुए ट्विटर के माध्यम से लिखा कि भारत सरकार ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार देकर, नेताजी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति किये गये योगदान का उपहास उड़ाया है। यदि नेताजी को सम्मान देना ही था तो भारत रत्न से सम्मानित करना चाहिए था।


यहां बता दें कि बुधवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया। इसमें नेताजी मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण दिए जाने की घोषणा की गई। सरकार द्वारा जारी लिस्ट के अनुसार इस बार कुल 106 हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें पद्म विभूषण के लिए 6 हस्तियों का चयन हुआ है।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य इन दिनों रामचरितमानस पर चल रहे विवाद में हाल में की गई अपनी टिप्पणी को लेकर घिरे हुए हैं। स्वामी प्रसाद की टिप्पणी से हिंदू संगठनों में खासी नाराजगी है। मौर्य के खिलाफ नारेबाजी कर लोग जगह-जगह उनका पुतला फूंक रहे हैं और उनके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia