पाकिस्तान ने फिर किया एलओसी पर संघर्ष विराम उल्लंघन, इस साल अब तक 2733 बार कर चुका हिमाकत

पाकिस्तान इस साल की शुरुआत से ही जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। अब तक पाक सेना 2,711 बार नापाक हरकत को अंजाम दे चुकी है, जिनमें 21 आम नागरिक मारे गए हैं और 94 घायल हुए हैं। सेना के कई जवानों के भी घायल होने की खबर है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

पाकिस्तान ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार से अचानक जिले के दो सेक्टरों में संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारी गोलाबारी शुरू कर दी। सीमा पार की इस नापाक हरकत पर भारतीय सेना ने भी करारा जवाब दिया है। सेना पूरी तरह मुस्तैद है।

आज की घटना के बारे में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया, "आज सुबह करीब 10 बजे पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के पुंछ जिले के डेगवार और कस्बा सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी करके और मोर्टार से गोले दागकर संघर्ष विराम उल्लंघन शुरू किया, जिसका भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है।"

इससे पहले सोमवार रात को भी पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। रात 10 बजे अचानक सीमा पार से मेंढर सेक्टर में भारी गोलीबारी शुरू हो गई, जिसका सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद थोड़ी ही देर में सीमा पार से गोलीबारी बंद हो गई।

गौरतलब है कि पाकिस्तान इस साल की शुरुआत से ही जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। इस साल अब तक पाक सेना ने 2,711 बार नापाक हरकत को अंजाम दे चुकी है, जिनमें 21 भारतीय नागरिक मारे गए हैं और 94 घायल हो चुके हैं। कई जवानों के भी पाक गोलाबारी में घायल होने की खबरें हैं।

पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के इन संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं पर हाल ही में भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाक उच्चायोग को मंत्रालय में तलब कर अपना विरोध जताया था। हालांकि उसके बावजूद पाक की नापाक हरकतों पर कोई फर्क नहीं पड़ा और संघर्ष विराम उल्लंघन लगातार जारी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia